

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Shri Amarnath Yatra: Nearly 1.5 lakh pilgrims paid obeisance to Baba Barfani in the first six days.
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में चल रही श्री अमरनाथ यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं का उत्साह नए रिकॉर्ड बना रहा है। यात्रा के पहले छह दिनों के भीतर ही पवित्र अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या डेढ़ लाख के करीब पहुंच गई है। यह पिछले वर्ष की तुलना में कहीं अधिक है, जब पहले छह दिनों में लगभग 1.11 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। बुधवार को भी करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में दर्शन किए।
बुधवार को अमरनाथ यात्रा के दोनों प्रमुख आधार शिविरों बालटाल और पहलगाम में दिनभर मौसम सामान्य रहा। हालांकि शाम के समय बादल छा गए और बीच-बीच में हल्की बारिश भी हुई। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई और यात्रा सुचारु रूप से जारी रही।
जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से बुधवार को 9,837 श्रद्धालुओं का सातवां जत्था बालटाल और पहलगाम के लिए रवाना किया गया। इनमें 4,480 श्रद्धालु 173 वाहनों के जरिए सुबह 4:20 बजे बालटाल मार्ग के लिए निकले, जबकि 5,357 श्रद्धालु 188 वाहनों में सुबह 4:54 बजे पारंपरिक पहलगाम मार्ग पर रवाना हुए। सभी श्रद्धालु दोपहर बाद अपने-अपने आधार शिविरों तक सुरक्षित पहुंच गए।
यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन बिना पंजीकरण के आने वाले श्रद्धालुओं को जम्मू-कश्मीर के प्रवेशद्वार लखनपुर में ही रोक रहा है। अधिकारियों ने यात्रियों से केवल वैध पंजीकरण के साथ ही यात्रा पर आने की अपील की है।
यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस और राहत एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हैं। बालटाल मार्ग के बजरी नाला क्षेत्र में मामूली पत्थर गिरने की घटना में एक श्रद्धालु घायल हो गया, जिसे माउंटेन रेस्क्यू टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया। पुलिस के अनुसार यात्रा मार्ग पर माउंटेन रेस्क्यू टीमें 24 घंटे सेवा में तैनात हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।