

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Sky-borne disaster in Himachal: 194 deaths in 24 hours, Pong Dam gates opened; more than 600 roads closed
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे राज्य में तबाही मचा दी है। जगह-जगह भूस्खलन, बाढ़ और अचानक आई आपदाओं से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अब तक मानसून सीजन में 194 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 36 लोग लापता हैं। राज्य को 1,852 करोड़ रुपये से ज़्यादा का भारी नुकसान हुआ है।
किन्नौर जिले में सालाना होने वाली किन्नर कैलाश यात्रा पर गए दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। यात्रा मार्ग पर अचानक आई बाढ़ में दो पुल बह गए और बाकी का रास्ता भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद यात्रा को रोक दिया गया है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और रस्सी के सहारे 413 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित निकाला।
इसके आलावा कांगड़ा जिले में स्थित पोंग डैम का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुँचने के बाद, BBMB (भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड) ने आज शाम 5 बजे डैम के स्पिलवे गेट खोल दिए। प्रशासन ने हिमाचल और पंजाब के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। गौरतलब है कि पिछले साल भी गेट खोलने के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए थे।
पूरे हिमाचल प्रदेश में 600 से ज़्यादा सड़कें बंद हैं, जिनमें कई प्रमुख नेशनल हाईवे भी शामिल हैं।
शिमला-कालका हाईवे: सोलन के पास चक्की मोड़ पर भूस्खलन के कारण हाईवे बंद है।
मंडी-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे: पंडोह के पास लैंडस्लाइड की वजह से रास्ता बंद हो गया है।
कांगड़ा-पठानकोट हाईवे: शाहपुर के भाली क्षेत्र में भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित हुआ है।
भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने कई जिलों में स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने का आदेश दिया है:
सोलन: जिले के सभी शैक्षणिक संस्थान बंद।
शिमला: ठियोग, रामपुर, कुमारसैन, जुब्बल, चौपाल, सुन्नी और डोडरा क्वार जैसे उप-मंडलों में छुट्टी घोषित।
मंडी और कुल्लू: निरमंड, आनी, सुंदरनगर, गोहर और करसोग में भी स्कूल बंद हैं।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार, 1,738 घर और 1,610 पशुशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) के हमीरपुर जोन को अकेले 211 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, शिमला में HRTC की चलती बस पर देवदार का पेड़ गिर गया, लेकिन बिजली के तारों की वजह से बड़ा हादसा टल गया और यात्रियों की जान बच गई। इधर, उत्तराखंड के पौड़ी में भी बादल फटने की खबर है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। 8 और 9 अगस्त को ऊना, चंबा, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन सहित कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित रहें। अगले कुछ दिनों तक हालात सामान्य होने की उम्मीद कम है।