

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Sonu Sood raised questions on the Bargi Dam cruise ship accident, saying,
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम पर्यटकों से भरा एक क्रूज डूब गया। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि तीन बच्चों समेत 4 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के समय क्रूज में करीब 47 लोग सवार थे, जबकि टिकट केवल 29 यात्रियों के ही काटे गए थे।
तेज हवा और खराब मौसम बना हादसे की वजह
जानकारी के मुताबिक हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ, जब क्रूज किनारे से लगभग 300 मीटर दूर था। उस समय हवा की रफ्तार करीब 74 किलोमीटर प्रति घंटा थी। तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण क्रूज संतुलन खो बैठा और डूब गया। राहत और बचाव कार्य में जुटी SDRF टीम को अंधेरा और बारिश के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सोनू सूद ने सिस्टम की जवाबदेही पर उठाए सवाल
हादसे के बाद अभिनेता सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की। उन्होंने लिखा कि बिहार और वृंदावन में हुए नाव हादसों के बाद भी सिस्टम नहीं जागा।
सोनू सूद ने कहा कि किसी भी नाव या क्रूज को तब तक संचालन की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए, जब तक हर यात्री लाइफ जैकेट न पहन ले। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि सरकार एक ऐसा ऑनलाइन पोर्टल बनाए, जहां यात्रा शुरू होने से पहले यात्रियों के लाइफ जैकेट पहनने का प्रमाण अपलोड करना अनिवार्य हो।
प्रशासन ने प्रदेशभर में क्रूज संचालन पर लगाई रोक
हादसे के बाद मध्य प्रदेश प्रशासन ने पूरे प्रदेश में क्रूज संचालन पर अस्थायी रोक लगा दी है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में क्रूज पायलट, हेल्पर और टिकट काउंटर प्रभारी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
उच्च स्तरीय जांच समिति गठित
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
शनिवार सुबह फिर शुरू होगा सर्च ऑपरेशन
लगातार बारिश और खराब मौसम के चलते शुक्रवार को सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा था। प्रशासन के अनुसार शनिवार सुबह 5 बजे से एक बार फिर लापता लोगों की तलाश शुरू की जाएगी।