

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Latest News: Suicide attack on shuttle train in Balochistan, 24 people killed
नई दिल्ली। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तानी सैनिकों और उनके परिवारों को ले जा रही एक शटल ट्रेन पर आत्मघाती हमला हुआ, जिसमें 24 लोगों की मौत हो गई और करीब 70 लोग घायल हो गए। यह हमला क्वेटा छावनी से रेलवे स्टेशन जा रही ट्रेन पर चमन फाटक के पास किया गया।
बीएलए ने हमले की ली जिम्मेदारी
प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि ट्रेन में पाकिस्तानी सैनिक सवार थे और उन्हें निशाना बनाकर हमला किया गया। संगठन के प्रवक्ता ने दावा किया कि हमला उस समय किया गया जब ट्रेन छावनी क्षेत्र से सैनिकों को लेकर जा रही थी।
सरकार ने 14 मौतों की पुष्टि की
हालांकि स्थानीय सूत्रों के अनुसार मरने वालों की संख्या 24 बताई जा रही है, लेकिन पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक तौर पर 14 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में फ्रंटियर कोर के तीन जवान भी शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
धमाके से इंजन और तीन डिब्बे क्षतिग्रस्त
पाकिस्तान के रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने बताया कि ट्रेन में आम नागरिक भी सवार थे। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि ट्रेन का इंजन और तीन डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। आसपास खड़े वाहनों की विंडशील्ड और इमारतों की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए।
बकरीद पर घर लौट रहे थे यात्री
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन में बड़ी संख्या में यात्री बकरीद के मौके पर अपने घर लौट रहे थे। कई यात्री लंबी दूरी की जाफर एक्सप्रेस पकड़ने के लिए क्वेटा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। सुरक्षा कारणों से विस्फोट के बाद पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को स्टेशन पर रोक दिया गया।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने की निंदा
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आतंकवाद के ऐसे कायरतापूर्ण कृत्य पाकिस्तान के लोगों के हौसले को कमजोर नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि सरकार हर प्रकार के आतंकवाद को खत्म करने के अपने संकल्प पर कायम है।