

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Teachers' Day celebration held at Simga Higher Secondary School.
कोरबा। पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिमगा में 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस समारोह गरिमामय माहौल में मनाया गया। यह आयोजन देश के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि के साथ हुई। इसके बाद स्कूल के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन और देश के प्रति योगदान को याद किया।
इंटरनेट और AI के दौर में शिक्षक की भूमिका महत्वपूर्ण
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि वर्तमान समय इंटरनेट, गूगल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और चैटजीपीटी का दौर है। इसके बावजूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और समुचित मार्गदर्शन में शिक्षक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार, सोच और भविष्य का निर्माण करते हैं। कक्षा में शिक्षक द्वारा प्रतिदिन दिया जाने वाला ज्ञान विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास की मजबूत नींव तैयार करता है।
उन्होंने कहा कि एक योग्य शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा देकर उनके जीवन में उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है और इस तरह राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विद्यार्थियों ने शिक्षकों को दिए उपहार
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह सहित स्कूल के सभी व्याख्याता और शिक्षक-शिक्षिकाओं को श्रीफल, पेन एवं उपहार भेंट किए। विद्यार्थियों ने शिक्षकों से आशीर्वाद भी लिया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं के बीच विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में व्याख्याता-शिक्षक दिव्या कुजूर, मेलन कंवर, पुष्पा कुमारी, दीपक कुमारी, सोनम बालन, अनुराधा राठौर, उमाकांत टोंडे, रुपसाय बिंझवार और कमलेश्वर सिंह सहित छात्र-छात्राएं सोनल कुमारी, सतीश कुमार, सोनिया, नंदिनी कुमारी, साहिल कुमार, लक्ष्मी कुमारी, उमेश्वरी और मुकेश कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पालकगण और ग्रामवासी भी शामिल हुए। समारोह ने शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच सम्मान, स्नेह और मार्गदर्शन के संबंध को और मजबूत किया।