

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

The Board of Secondary Education released the 10th and 12th board exam results, girls outshone boys again.
रायपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हाईस्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छात्रों की तुलना में अधिक उत्तीर्ण प्रतिशत हासिल किया है। बोर्ड के अनुसार दोनों परीक्षाओं के कुल परिणामों में पिछले वर्ष की तुलना में वृद्धि दर्ज की गई है।
हाईस्कूल परीक्षा में 77.15 प्रतिशत विद्यार्थी सफल
हाईस्कूल परीक्षा में कुल 77.15 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। परीक्षा में 3 लाख 16 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 2 लाख 43 हजार से अधिक सफल रहे। इस परीक्षा में अंशुल शर्मा, संध्या नायक और परी रानी ने संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.03 रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 72.27 प्रतिशत दर्ज किया गया। प्रथम श्रेणी में 44.48 प्रतिशत, द्वितीय श्रेणी में 30.71 प्रतिशत तथा तृतीय श्रेणी में 1.96 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। यह परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में 0.62 प्रतिशत अधिक रहा।
हायर सेकेंडरी में 83.04 प्रतिशत रिजल्ट, जीज्ञासु वर्मा बने टॉपर
हायर सेकेंडरी परीक्षा में कुल 83.04 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं। इस परीक्षा में 2 लाख 44 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 2 लाख 2 हजार से अधिक उत्तीर्ण रहे।
जीज्ञासु वर्मा ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.04 रहा, जबकि छात्रों का 78.86 प्रतिशत दर्ज किया गया।
प्रथम श्रेणी में 52.2 प्रतिशत, द्वितीय श्रेणी में 29.68 प्रतिशत तथा तृतीय श्रेणी में 1.15 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए। यह परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में 1.17 प्रतिशत अधिक रहा।
अवसर परीक्षा का मिलेगा मौका
मंडल ने बताया कि दोनों परीक्षाओं में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण हुए हैं। ऐसे विद्यार्थियों को अवसर परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाएगा। वहीं कुछ परीक्षार्थियों के परिणाम नकल प्रकरण एवं जांच के कारण रोके गए हैं।
वेबसाइट और डिजीलॉकर पर उपलब्ध परिणाम
परीक्षा परिणाम मंडल की आधिकारिक वेबसाइट, डिजीलॉकर तथा अन्य पोर्टलों पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। मंडल ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए असफल विद्यार्थियों से निराश न होने और दोबारा प्रयास करने की अपील की है।