

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

The EOW will now investigate the scam in cooperative banks; preliminary investigation reveals fraud worth Rs 20 crore.
रायपुर। राज्य की सहकारी बैंकों और अपेक्स बैंक की शाखाओं में सामने आए घोटाले की जांच अब आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) करेगी। समिति प्रबंधन की ओर से इस संबंध में ईओडब्ल्यू को अर्जी सौंप दी गई है। प्रारंभिक जांच में करीब 20 करोड़ रुपए की धांधली का खुलासा हो चुका है।
आठ अधिकारियों-कर्मचारियों पर पहले ही दर्ज हो चुका है केस
समिति प्रबंधन की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अपेक्स बैंक बरमकेला शाखा के ब्रांच मैनेजर समेत आठ कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर चुकी है। पुलिस की जांच के दौरान सामने आया कि घोटाले की रकम पहले अनुमानित राशि से बढ़कर 20 करोड़ रुपए से अधिक हो गई है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए मामले को ईओडब्ल्यू को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
प्रदेशभर में बड़े घोटाले के संकेत
जानकारी के अनुसार प्रदेश की सहकारी समितियों में डेढ़ सौ करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले से जुड़े इनपुट सामने आए हैं। मुख्यालय स्तर पर अब पूरे प्रदेश में जांच कराने की तैयारी की जा रही है। बरमकेला अपेक्स बैंक में गबन का मामला सबसे पहले सामने आया था, जिसके बाद जांच का दायरा लगातार बढ़ता गया।
17 सहकारी समितियों में मिली गड़बड़ी
बरमकेला ब्लॉक की 17 सहकारी समितियों में अनियमितताएं सामने आई हैं। इनमें बड़े नवापारा, बरमकेला, बोंदा, दुलोपाली और लेंन्ध्रा सहित कई समितियां शामिल हैं। जांच में पाया गया कि कई किसानों के नाम पर फर्जी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) लोन जारी किए गए, जबकि संबंधित किसानों ने कभी ऋण लिया ही नहीं था।
887 खातों से हुए संदिग्ध लेन-देन
घोटाले के तहत करीब 887 खातों से संदिग्ध ट्रांजेक्शन होने की बात सामने आई है। इन खातों में पैसे के लेन-देन की पूरी जांच अब ईओडब्ल्यू करेगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट हो सकेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।