

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

The Government of India has sought a response from Meta... asking whether the platform is complying with Indian laws.
नई दिल्ली। भारत सरकार ने सोशल मीडिया कंपनी मेटा से उसके प्लेटफॉर्म पर लागू नीतियों और भारतीय कानूनों के अनुपालन को लेकर जवाब तलब किया है। केंद्र ने कंपनी के अधिकारियों से पूछा है कि क्या फेसबुक और इंस्टाग्राम सहित उसके सभी प्लेटफॉर्म देश के कानूनी प्रावधानों का पूरी तरह पालन कर रहे हैं। हाल के घटनाक्रमों के बाद सरकार और मेटा के बीच यह संवाद शुरू हुआ है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और मेटा की वैश्विक टीम के बीच लगातार दूसरे दिन बैठक हुई। इस दौरान इंस्टाग्राम के कंटेंट रिकमेंडेशन एल्गोरिद्म, स्थानीय कानूनों के अनुपालन और प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठकों का यह दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
बैठक में अधिकारियों ने विशेष रूप से यह जानना चाहा कि इंस्टाग्राम का एल्गोरिद्म किस आधार पर सामग्री को बढ़ावा देता है और क्या उसकी कार्यप्रणाली भारतीय नियमों के अनुरूप है। सरकार ने प्लेटफॉर्म पर पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
मेटा ने सरकार को बताया कि वह डीपफेक, बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री और बॉट अकाउंट जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए लगातार तकनीकी उपाय लागू कर रही है। कंपनी ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा और निगरानी संबंधी व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भारतीय कानूनों का पालन सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मेटा के साथ संवाद जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी तकनीकी तथा नीतिगत स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। सरकार ने संकेत दिए हैं कि डिजिटल कंपनियों से नियमों के पालन को लेकर सख्ती बरकरार रहेगी।