

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: The thrill of the 'Sarang' helicopter team will be on display during the State Festival (Rajyotsav) on November 2; an air show will take place at Sendh Lake starting at 11:00 AM.
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर में भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रोमांचक एयर शो प्रस्तुत करेगी। 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में सुबह 11 बजे से होने वाले इस प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर आसमान में आकर्षक संरचनाएं बनाते हुए साहसिक करतब दिखाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में सारंग टीम के सदस्यों से सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने राज्योत्सव में टीम की सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
मुलाकात के दौरान टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। मुख्यमंत्री ने उनका छत्तीसगढ़ की धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय वायु सेना अपने साहस, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता के लिए विश्वभर में सम्मानित है। सारंग टीम का हवाई प्रदर्शन इन गौरवशाली परंपराओं का परिचय कराएगा।
राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होने वाले इस एयर शो में पांच हेलीकॉप्टरों के जरिए सामूहिक उड़ान, सटीक समन्वय और विभिन्न हवाई संरचनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। सारंग टीम की खासियत बेहद नजदीकी दूरी पर हेलीकॉप्टरों का सटीक संचालन और एक साथ संरचनाएं बदलना है।
टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में दो महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने महिला पायलटों की सहभागिता पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश की बदलती तस्वीर को दर्शाती है।
भारतीय वायु सेना की सारंग टीम स्वदेशी तकनीक से विकसित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) ‘ध्रुव’ के माध्यम से हवाई प्रदर्शन करती है। टीम अपने विशिष्ट उड़ान कौशल और बेहतरीन सामूहिक समन्वय के लिए जानी जाती है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वदेशी हेलीकॉप्टरों के माध्यम से होने वाला यह प्रदर्शन भारत की तकनीकी क्षमता, नवाचार और आत्मनिर्भरता का परिचय कराएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि एयर शो विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं के लिए यादगार अनुभव होगा तथा उन्हें विज्ञान, विमानन और रक्षा सेवाओं के क्षेत्र में करियर बनाने की प्रेरणा देगा।
सारंग टीम के हेलीकॉप्टरों का रंग संयोजन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। आसमान में इन हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान और आकर्षक संरचनाएं दर्शकों के लिए खास नजारा प्रस्तुत करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों का शौर्य और पराक्रम देशवासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है। सारंग टीम के पायलट कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और आपसी तालमेल के जरिए जटिल हवाई करतब प्रस्तुत करते हैं। यह प्रदर्शन युवाओं को बड़े सपने देखने, चुनौतियों का सामना करने और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देगा।
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में भाग लेने को टीम के लिए गर्व और सम्मान का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि सारंग टीम का उद्देश्य केवल रोमांचक हवाई करतब दिखाना नहीं, बल्कि युवाओं में साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना भी है।
उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि सपनों को साकार करने के लिए दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और अनुशासन जरूरी हैं। भारतीय वायु सेना युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और देश की सेवा करने के अनेक अवसर प्रदान करती है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का उत्सव है। ऐसे आयोजन प्रदेश की नई पीढ़ी को नेतृत्व, टीम भावना और सामूहिक प्रयास का महत्व समझाते हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि नवा रायपुर में होने वाला एयर शो प्रदेशवासियों में भारतीय वायु सेना के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और मजबूत करेगा। साथ ही युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और देश की सेवा के लिए आगे आने की प्रेरणा देगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास और प्रेस अधिकारी आलोक सिंह भी उपस्थित थे।