

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Thousands gathered for the spiritual and musical performance of 'The Healing Concert - Chapter 1: Aarambh'.
इंदौर। इंदौर में शाम अध्यात्म, संगीत और मानसिक शांति के नाम रही, जब स्काईलाइन होटल एंड रिसॉर्ट में आयोजित ‘द हीलिंग कॉन्सर्ट- अध्याय 1: आरंभ’ में हजारों लोग शामिल हुए। भारत के पहले हीलिंग और स्पिरिचुअल कॉन्सर्ट के रूप में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम ने संगीत, मंत्रोच्चार और साउंड हीलिंग के जरिए लोगों को आत्मिक सुकून का अनूठा अनुभव कराया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ पुष्यमित्र भार्गव की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इंदौर अब केवल स्वच्छता में ही नहीं, बल्कि योग, मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली के क्षेत्र में भी देश के लिए प्रेरणा बन रहा है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज को भीतर से मजबूत करने वाला बताया।

शुभांगी चौहान की प्रस्तुतियों ने बाँधा समां
कॉन्सर्ट की मुख्य आकर्षण वेलनेस कोच शुभांगी चौहान रहीं, जिन्होंने ‘शिव तांडव’, ‘शिव शक्ति’ और कई आध्यात्मिक धुनों पर अपनी प्रस्तुतियों से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। मंत्रों की गूंज, सिंगिंग बाउल्स की ध्वनियों और लाइव भजन जैमिंग ने उपस्थित लोगों को देर रात तक आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रखा।
अपने हीलिंग सेशन के दौरान शुभांगी चौहान ने कहा, “मन इसलिए भारी हो जाता है, क्योंकि हम भीतर मिलने वाली शांति को बाहर तलाशते रहते हैं।” उनके इस संदेश ने लोगों को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित किया।
साउंड हीलिंग और योग प्रस्तुतियों ने खींचा ध्यान
कार्यक्रम में योग मित्र टीम की प्रस्तुति ने भी दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। टीम ने इंदौर को स्वस्थ, जागरूक और योगमय शहर बनाने के अपने संकल्प को प्रभावशाली अंदाज़ में प्रस्तुत किया। प्रस्तुति के बाद “इंदौर रहेगा नंबर 1” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
साउंड हीलिंग, सिंगिंग बाउल्स और मधुर सितार वादन ने कार्यक्रम को और खास बना दिया। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में ‘मेंटल वेलनेस के लिए कल्चरल इंटीग्रेशन के साथ सबसे बड़ा साउंड हीलिंग कॉन्सर्ट’ का विश्व रिकॉर्ड भी दर्ज किया गया।

युवाओं को आकर्षित करती दिखी भारतीय आध्यात्मिक परंपरा
कॉन्सर्ट में भगवद गीता के जीवन सूत्रों और भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं को आधुनिक प्रस्तुतियों के साथ जोड़ा गया, जिसने खास तौर पर युवाओं को आकर्षित किया। उपस्थित लोगों ने इसे केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक सुकून से जुड़ा अनुभव बताया।
देशभर में ले जाने की तैयारी
आयोजकों ने बताया कि ‘द हीलिंग कॉन्सर्ट- अध्याय 1: आरंभ’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मकता फैलाने की एक नई शुरुआत है। आने वाले समय में इसे देश के अलग-अलग शहरों तक पहुँचाने की योजना बनाई जा रही है।