

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश नेतृत्व को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष Deepak Baij ने पूर्व उपमुख्यमंत्री T. S. Singh Deo को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि “बाबा साहेब बड़े नेता हैं, उन्हें दिल्ली में जाकर काम करना चाहिए और छत्तीसगढ़ में युवाओं को मौका देना चाहिए।”
दरअसल, हाल ही में एक इंटरव्यू में टीएस सिंहदेव ने कहा था कि यदि पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वे उसे निभाने के लिए तैयार हैं। इसी सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि सिंहदेव राष्ट्रीय स्तर पर काम कर चुके हैं और उन्हें अब दिल्ली में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
बैज ने कहा कि सिंहदेव कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य रह चुके हैं और तमिलनाडु तथा पुडुचेरी जैसे राज्यों के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। पार्टी जहां भी जिम्मेदारी देती है, वे वहां काम करते हैं। ऐसे में उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में योगदान देना चाहिए।
सिंहदेव का पलटवार, बोले- आज भी खुद को युवा महसूस करता हूं
दीपक बैज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि बैज ने किस सोच के साथ यह बयान दिया। उन्होंने कहा, “अगर युवाओं को मौका देने की बात हो रही है तो मैं आज भी खुद में युवाओं जैसी ऊर्जा महसूस करता हूं। मैं पूरी तरह सक्रिय हूं और पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे निभाने के लिए तैयार हूं।”
सिंहदेव ने साफ कहा कि वे छत्तीसगढ़ में रहकर ही काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वे लगातार प्रदेशभर में लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और इसकी जानकारी पार्टी नेतृत्व को भी है।
“बैज भी चुनाव हार चुके हैं”
टीएस सिंहदेव ने कहा कि दीपक बैज युवा नेता हैं और भविष्य में मुख्यमंत्री भी बन सकते हैं, लेकिन बड़े नेताओं पर टिप्पणी करते समय यह भी देखना चाहिए कि कौन चुनाव जीता और कौन हारा।
उन्होंने कहा, “मैं खुद चुनाव हारा हूं, लेकिन बैज भी चुनाव हार चुके हैं। उनके जिले की सीटें भी कांग्रेस नहीं बचा पाई और लोकसभा चुनाव में भी हार मिली। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार भी दोबारा नहीं बन पाई।”
सिंहदेव ने कहा कि हर कांग्रेसी की पहली जिम्मेदारी अपने क्षेत्र में संगठन और जनता को मजबूत करना है।
बीजेपी ने बताया कांग्रेस का अंतर्कलह
प्रदेश सरकार में मंत्री Ramvichar Netam ने कांग्रेस नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस का अंतर्कलह समय-समय पर सार्वजनिक हो जाता है।
नेताम ने कहा कि सिंहदेव को प्रदेश के नेता पचा नहीं पा रहे हैं और सिंहदेव भी बाकी नेताओं को पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस “यूज एंड थ्रो” की राजनीति करती है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार बनने में सिंहदेव की बड़ी भूमिका रही, लेकिन उसका खामियाजा भी उन्हें भुगतना पड़ा। नेताम ने सिंहदेव को सतर्क रहने की सलाह भी दी।
नक्सलवाद पर भी बोले दीपक बैज
मीडिया से बातचीत के दौरान दीपक बैज ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय भी नक्सलवाद था और तत्कालीन मंत्री केदार कश्यप के परिवार ने भी इसका दंश झेला है।
बैज ने कहा कि कांग्रेस ने झीरम घाटी जैसी बड़ी घटना झेली है और बस्तर की जनता के साथ कांग्रेस हमेशा खड़ी रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के दौरान नक्सलवाद को सीमित करने की दिशा में काम हुआ और भाजपा को इस मुद्दे पर राजनीति बंद करनी चाहिए।