

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Tragic incident on Diwali: Two-year-old child puts 'pop-pop' firecracker in his mouth; dies following explosion
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र के ग्राम बनेया में दिवाली के दिन एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ। खेलते समय दो साल के मासूम आदित्य ने जमीन पर पड़ा पॉप-पॉप (लहसुन) पटाखा मुंह में रखकर चबा लिया। इसी दौरान पटाखा मुंह के भीतर ही फट गया। विस्फोट से बच्चे के मसूड़े बुरी तरह जख्मी हो गए और लगातार खून बहने लगा। परिजन उसे लेकर कई अस्पतालों में पहुंचे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद गुरुवार सुबह अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
बनेया गांव निवासी इंद्रजीत माझी दिवाली के लिए बच्चों के वास्ते अलग-अलग तरह के पटाखे लेकर आए थे। इनमें लहसुन के आकार वाला पॉप-पॉप पटाखा भी शामिल था। यह पटाखा आग लगाने से नहीं, बल्कि जमीन पर पटकने से फूटता है।दिवाली की सुबह उनका दो साल का बेटा आदित्य घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसकी नजर जमीन पर पड़े एक पॉप-पॉप पटाखे पर पड़ी। मासूम ने उसे उठाकर मुंह में डाल लिया और चबाने लगा। पटाखे के भीतर मौजूद बारूद और छोटे पत्थरों के आपस में टकराने से मुंह के अंदर ही विस्फोट हो गया।
विस्फोट के कारण आदित्य के मसूड़ों में गंभीर चोट आई और मुंह से तेज रक्तस्राव होने लगा। घबराए परिजन उसे तत्काल सीतापुर अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी खून बहना बंद नहीं हुआ। बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया।इसके बाद परिजन उसे होलीक्रॉस यानी मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद कुमार लकड़ा के अनुसार, बच्चे को बुधवार सुबह गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। परिजनों ने पहले हुए उपचार और लगातार खून बहने की जानकारी दी थी, लेकिन मुंह में पटाखा फटने की बात डॉक्टरों को नहीं बताई थी। इलाज के दौरान बच्चे को बचाया नहीं जा सका।
मेकाहारा के ईएनटी विभाग की प्रमुख डॉ. हंसा बंजारा ने इस तरह की घटना को बेहद गंभीर बताया। उनके अनुसार, मुंह के भीतर पटाखा फटने से केवल मसूड़ों में चोट और रक्तस्राव ही नहीं होता, बल्कि बारूद के कण और खून सांस की नली में भी पहुंच सकते हैं। विस्फोट से निकलने वाला धुआं फेफड़ों को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा सिर और मस्तिष्क की नसों को गंभीर नुकसान पहुंचने का खतरा भी रहता है। ऐसी स्थिति में मरीज की जान तक जा सकती है।
यह हादसा अभिभावकों के लिए एक गंभीर चेतावनी है। छोटे बच्चों की पहुंच में किसी भी तरह के पटाखे नहीं छोड़ने चाहिए। जमीन पर गिरे या इस्तेमाल के बाद बचे पटाखे भी बच्चों के लिए खतरनाक हो सकते हैं। पॉप-पॉप जैसे मामूली दिखने वाले पटाखे में मौजूद बारूद और उसका छोटा विस्फोट भी जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए त्योहारों के दौरान बच्चों की निगरानी और पटाखों को सुरक्षित स्थान पर रखना बेहद जरूरी है।