

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Train traffic at Raipur railway station exceeds capacity by 55%; plans underway to lay an 11 km new rail line.
रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की बढ़ती संख्या के कारण रेल परिचालन प्रभावित हो रहा है। स्टेशन से प्रतिदिन करीब 155 ट्रेनें गुजर रही हैं, जबकि इसकी मौजूदा क्षमता लगभग 100 ट्रेनों की है। यानी क्षमता से 55 प्रतिशत अधिक ट्रेनों का दबाव है। इस वजह से ट्रेनों की समयबद्धता बनाए रखना चुनौती बन गया है। एक ट्रेन को आगे निकालने के लिए दूसरी को रोकना पड़ता है। प्लेटफॉर्म और यार्ड में भी ट्रेनों को लंबे समय तक खड़ा रखना पड़ रहा है।
इस समस्या से निपटने के लिए रेलवे उरकुरा से रायपुर होते हुए सरोना तक लगभग 11 किलोमीटर लंबी अतिरिक्त रेल लाइन बिछाने की योजना बना रहा है। फिलहाल इस प्रस्ताव का सर्वे किया जा रहा है। नई लाइन का प्रमुख उद्देश्य मालगाड़ियों के लिए अलग अतिरिक्त मार्ग उपलब्ध कराना है, ताकि मौजूदा ट्रैक पर उनका दबाव कम हो सके।
वर्तमान में उरकुरा बाईपास से प्रतिदिन करीब 130 मालगाड़ियों का परिचालन होता है। माल परिवहन बढ़ने के साथ मौजूदा रेल नेटवर्क पर दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। प्रस्तावित योजना में उरकुरा से रायपुर स्टेशन के पहले तक और सरोना से भी रायपुर स्टेशन के पहले तक अतिरिक्त रेल लाइन बिछाने का प्रावधान है। इससे मालगाड़ियों को आवाजाही के लिए वैकल्पिक रास्ता मिलेगा।
अभी मालगाड़ियों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता देने के दौरान यात्री ट्रेनों को स्टेशन या बीच के किसी हिस्से में रोकना पड़ता है। इसका असर पीछे से आ रही अन्य ट्रेनों पर भी पड़ता है और देरी बढ़ती जाती है। नई लाइन बनने से मालगाड़ियों का संचालन अधिक व्यवस्थित हो सकेगा। साथ ही यात्री ट्रेनों को रास्ता मिलने में लगने वाला इंतजार भी कम होने की उम्मीद है।
रेलवे की ओर से प्रस्तावित 11 किलोमीटर लंबी लाइन की तकनीकी और आर्थिक उपयोगिता का आकलन किया जा रहा है। सर्वे में निर्माण पर आने वाला खर्च, अतिरिक्त रूप से चलाई जा सकने वाली मालगाड़ियों की संख्या, उनसे होने वाली संभावित आय और निवेश की भरपाई में लगने वाले समय का अध्ययन किया जाएगा।