

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpeg&w=3840&q=75)
Transport in Dantewada affected by drivers' strike; 1,600 trucks stranded
दंतेवाड़ा। ड्राइवर संघ की हड़ताल का असर अब जिले की परिवहन व्यवस्था पर व्यापक रूप से दिखने लगा है। शुक्रवार को मालवाहक वाहनों के साथ यात्री बसों और ग्रामीण क्षेत्रों से बाजार जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। बैलाडीला में लौह अयस्क की ढुलाई करने वाले करीब 1600 ट्रक अलग-अलग स्थानों पर खड़े हो गए। किरंदुल और बचेली में सड़कों के किनारे ट्रकों की लंबी कतारें लग गई हैं। इससे सड़क मार्ग से लौह अयस्क का परिवहन लगभग ठप हो गया है।हड़ताल के कारण शुक्रवार को यात्री परिवहन पर भी असर पड़ा। सुबह रवाना हुई बस के बाद अन्य बसों की आवाजाही बाधित हो गई। साप्ताहिक हाट-बाजार जाने वाले वाहनों को भी चालकों ने रोक दिया। इसके चलते ग्रामीण इलाकों से खरीदारी और जरूरी सामान लेने बाजार पहुंचने वाले लोगों को परेशानी हुई।
हड़ताल लंबी चलने पर जिले में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पर भी असर पड़ सकता है। दंतेवाड़ा के पेट्रोल पंपों तक ईंधन की आपूर्ति सड़क मार्ग से होती है। ऐसे में ट्रकों और अन्य मालवाहक वाहनों की आवाजाही लगातार बाधित रहने पर पेट्रोल पंपों के स्टॉक पर दबाव बढ़ने की आशंका है। हालांकि फिलहाल जिले में ईंधन की कमी नहीं है। हड़ताल जारी रहने पर आने वाले दिनों में आपूर्ति संबंधी दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
त्योहारी सीजन में ट्रेनों की लेटलतीफी से पहले ही यात्रियों को परेशानी हो रही है। अब ड्राइवरों की हड़ताल के चलते सड़क परिवहन भी प्रभावित होने लगा है। ट्रकों के समय पर शहर नहीं पहुंचने से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पाटेकोहरा नाके पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।गुरुवार रात छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के बैनर तले चालकों ने पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने दूसरे वाहन चालकों से हड़ताल के समर्थन की अपील की। आरोप है कि समर्थन नहीं देने वाले चालकों को दोबारा वहां नहीं आने और दिखाई नहीं देने जैसी धमकियां भी दी गईं।हड़ताल के दौरान कई स्थानों पर यात्री बसों को करीब सात घंटे तक रोके रखा गया। पुलिस ने कुछ बसों को रॉन्ग साइड से रवाना कराया, जबकि कई बसों को दूसरे रास्तों से निकाला गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।