

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

'Tribal Pride Day' (Janjatiya Gaurav Diwas) will be celebrated in Chhattisgarh on November 15.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। यह दिवस भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान देश की स्वतंत्रता और अस्मिता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया जाएगा। साथ ही उनके गौरवशाली इतिहास और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न आयोजन होंगे।
केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती यानी 15 नवंबर को प्रतिवर्ष जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गैंदसिंह, वीर गुण्डाधूर, महली भगत, मांझीराम गोंड, राजनाथ भगत, लाल कालिंदर सिंह, कंगला मांझी, तिलका मांझी, वीर सीताराम कंवर, ठाकुर रामप्रसाद पोटाई और रानी दुर्गावती जैसे महान जनजातीय सेनानियों के योगदान को भी याद किया जाएगा।
पीएम-जनमन योजना से बदल रही आदिवासी परिवारों की जिंदगी
जनजातीय बहुल छत्तीसगढ़ में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) संचालित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर 2023 को इस अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत नौ मंत्रालयों की 11 प्रमुख गतिविधियों के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

छत्तीसगढ़ की बैगा, पहाड़ी कोरवा, कमार, अबूझमाड़िया और बिरहोर जनजातियों के विकास के लिए प्रदेश के 1,545 गांवों और 2,365 बसाहटों में योजना का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
आवास से लेकर सड़क और पेयजल तक, जानिए योजना की प्रगति
पीएम-जनमन योजना के तहत अब तक प्रदेश में 34,691 पक्के मकान स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 24,218 आवास पूरे हो चुके हैं। यानी करीब 69 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वहीं, 2,901 किलोमीटर सड़क निर्माण को मंजूरी मिली है, जिसमें से 1,833 किलोमीटर सड़क बनकर तैयार हो चुकी है।

विद्युतीकरण के तहत ऑनग्रिड व्यवस्था में 7,349 परिवारों को शत-प्रतिशत लाभ मिल चुका है। ऑफग्रिड विद्युतीकरण के लिए चिह्नित 1,490 गांवों में से 940 गांवों में काम पूरा हो गया है।
आंगनबाड़ी सुविधाओं के विस्तार के लिए 191 केंद्र स्वीकृत किए गए हैं और सभी केंद्र संचालित हो रहे हैं। हालांकि, स्वीकृत 187 आंगनबाड़ी भवनों में से 68 का निर्माण पूरा हुआ है। स्वच्छ पेयजल के मामले में 1,425 गांवों में से 510 गांवों में शत-प्रतिशत कवरेज हासिल किया जा चुका है।
स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार पर भी फोकस
योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहन संचालित हैं। वहीं, वनधन विकास के 16 केंद्रों का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा 75 बहुउद्देशीय केंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 51 का निर्माण पूरा हो चुका है।
शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 40 छात्रावास स्वीकृत किए गए हैं, जिनका काम प्रगतिरत है। संचार सुविधा के विस्तार के लिए 135 मोबाइल टावर साइट स्वीकृत हुई हैं, जिनमें से 37 शुरू हो चुकी हैं। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 1,719 लोगों को कौशल प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से 849 युवाओं का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है।
पीएम-जनमन योजना के जरिए छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और दुर्गम इलाकों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजातियों के परिवारों तक आवास, सड़क, बिजली, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य इन समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।