

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Twisha Sharma Case: Funeral held after 12 days, AIIMS Delhi team conducts second post-mortem
भोपाल। चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले ने अब और ज्यादा गंभीर मोड़ ले लिया है। मौत के 12 दिन बाद रविवार शाम ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार भोपाल के भदभदा विश्राम घाट में किया गया। इस दौरान परिवार का दर्द साफ नजर आया। ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने उन्हें मुखाग्नि दी, जबकि अंतिम विदाई के समय घाट पर माहौल बेहद भावुक हो गया।इससे पहले दिल्ली एम्स की फोरेंसिक टीम ने भोपाल पहुंचकर ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया। करीब तीन घंटे तक चली इस प्रक्रिया के बाद विशेषज्ञों ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया और पूरी वीडियोग्राफी करवाई।
पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर उठे थे सवाल
पूर्व मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे पर लटकी मिली थीं। इस घटना के बाद परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगाए थे।परिजनों ने पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए जांच की निष्पक्षता पर संदेह जताया था। इसके बाद ट्विशा के पिता की याचिका पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने दूसरा पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए थे।
एम्स दिल्ली के मेडिकल बोर्ड ने संभाली जांच
दिल्ली एम्स के फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता के नेतृत्व में पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड भोपाल पहुंचा। टीम ने सुबह करीब 11:30 बजे पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू की, जो दोपहर 2:30 बजे तक चली।सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमार्टम के दौरान मेडिकल टीम ने शव की विस्तृत जांच की। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के निवास पर भी पहुंची, जहां ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। टीम ने घर की छत, कमरों और आसपास के हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया।बताया जा रहा है कि पूरे घटनास्थल की वीडियोग्राफी भी करवाई गई है। अब दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट बंद लिफाफे में हाई कोर्ट को सौंपी जाएगी।
समर्थ सिंह से लगातार पूछताछ जारी
मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, समर्थ ने बयान में कहा है कि उसने 24 अप्रैल को बेंगलुरु जाने के लिए टिकट बुक कराया था। शुरुआत में ट्विशा भी साथ जाने वाली थीं, लेकिन बाद में उन्होंने मना कर दिया।बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। समर्थ के अनुसार, ट्विशा ने उससे कहा था कि वह अपने भाई के पास अजमेर जाना चाहती है। इसके बाद 24 अप्रैल को ट्विशा ट्रेन से अजमेर रवाना हो गईं, जबकि समर्थ बेंगलुरु चला गया।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि ट्विशा अजमेर में केवल एक दिन रुकीं और बाद में दिल्ली चली गईं। 30 अप्रैल को वह वापस भोपाल लौटी थीं। पुलिस अब दोनों के बीच हुई बातचीत, कॉल डिटेल्स और यात्रा से जुड़ी जानकारी को जांच का हिस्सा बना रही है।
परिवार ने उठाए गंभीर सवाल
ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने अंतिम संस्कार के दौरान कहा कि आज उन्होंने सिर्फ बेटी नहीं, बल्कि परिवार की मुस्कान खो दी है। परिवार का आरोप है कि मामले की जांच पूरी निष्पक्षता से होनी चाहिए और किसी भी तरह से गवाहों या सबूतों को प्रभावित नहीं होने दिया जाना चाहिए।इधर, मामले को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट में भी सुनवाई होने की संभावना है, जिससे इस हाई प्रोफाइल केस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।