

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

‘VIBE’ has a unique story; the explosive trailer for Kunal Khemu’s action-comedy has been released, and the film will hit theaters on September 18.
मुंबई। अमेजन MGM स्टूडियोज ने अपनी आगामी थिएट्रिकल फिल्म ‘वाइब’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है। कुणाल खेमू के निर्देशन में बनी यह हाई-स्टेक्स एक्शन-कॉमेडी फिल्म दोस्ती, रोमांच, एक्शन और जबरदस्त ह्यूमर का अनोखा कॉम्बिनेशन पेश करती है। फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
फिल्म की कहानी दो पक्के दोस्तों हार्दिक और बग्स के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों अपनी सामान्य जिंदगी जी रहे होते हैं, लेकिन देश के सामने एक बड़ा खतरा आने के बाद उनकी जिंदगी अचानक एक खतरनाक मिशन में बदल जाती है। खास बात यह है कि दोनों इस मिशन के लिए बिल्कुल तैयार नहीं हैं।
उन्हें एक ऐसे एडवेंचर में धकेल दिया जाता है, जहां उनकी दोस्ती के साथ-साथ उनकी सर्वाइवल स्किल्स की भी परीक्षा होती है।
ट्रेलर की सबसे खास झलकियों में से एक प्रीति जिंटा का नया अवतार है। वह फिल्म में मैडम एच की भूमिका निभा रही हैं, जो हार्दिक और बग्स को हाई-स्टेक्स मिशन पर भेजती हैं।
प्रीति जिंटा इस फिल्म में एक्शन-कॉमेडी अंदाज में नजर आ रही हैं, जो उनके अब तक के किरदारों से काफी अलग दिखाई देता है। उनका किरदार देश के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है और अपने मिशन को पूरा करने के लिए सही-गलत की परवाह नहीं करता।
‘वाइब’ का ट्रेलर मजेदार पंचलाइंस, बेबाक ह्यूमर और दोनों दोस्तों की नोकझोंक से भरपूर है। इसके साथ ही ट्रेलर में हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस, चेज, खतरे और कई ट्विस्ट देखने को मिलते हैं।
फिल्म में एनर्जेटिक और पेपी म्यूजिक भी कहानी की रफ्तार को बढ़ाता है। ट्रेलर से साफ है कि फिल्म में कॉमेडी और एक्शन के साथ दोस्ती और रोमांस का भी भरपूर तड़का लगाया गया है।
‘वाइब’ की खासियत यह भी है कि कुणाल खेमू ने फिल्म को लिखा और डायरेक्ट करने के साथ इसे प्रोड्यूस भी किया है। ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले कुणाल खेमू और चिराग निहलानी ने इसका निर्माण किया है।
कुणाल के मुताबिक, वह ऐसी बेझिझक एंटरटेनर फिल्म बनाना चाहते थे, जिसे दर्शक परिवार और दोस्तों के साथ थिएटर में जाकर एंजॉय कर सकें। फिल्म में कॉमेडी, एक्शन, रोमांस और म्यूजिक का मिश्रण देखने को मिलेगा।
फिल्म में कुणाल खेमू के साथ प्रीति जिंटा, स्पर्श श्रीवास्तव और वंशिका धीर लीड रोल में हैं। वहीं यशपाल शर्मा और दिनेश लाल यादव अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
कुणाल खेमू के साथ स्पर्श श्रीवास्तव की जोड़ी ट्रेलर में खास तौर पर दर्शकों का ध्यान खींच रही है। दोनों की दोस्ती, नोकझोंक और मुश्किल परिस्थितियों में फंसने की कहानी फिल्म को मजेदार बनाने वाली है।
अमेजन MGM स्टूडियोज की ‘वाइब’ एक फुल-ऑन एंटरटेनर के तौर पर 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर के बाद अब दर्शकों को इस एक्शन-कॉमेडी फिल्म के बड़े पर्दे पर आने का इंतजार है।