

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Vishnudev Sai PACS inauguration
रायपुर, 14 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में सहकारिता को मजबूत करने और किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सहकारिता विभाग द्वारा 515 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का गठन किया गया है, जिनका वर्चुअल शुभारंभ 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटलनगर से करेंगे।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि सहकारिता मंत्री केदार कश्यप कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सहकारिता विभाग के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना के स्वागत उद्बोधन से होगी। इसके बाद केदार कश्यप राज्य में सहकारिता के विस्तार और इसके लाभों पर प्रकाश डालेंगे।
केदार कश्यप ने कहा कि नई पैक्स समितियों के गठन से किसानों को ऋण, खाद, बीज और अन्य कृषि सुविधाएं स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध होंगी। इससे किसानों को दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और समय के साथ संसाधनों की भी बचत होगी। साथ ही, शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ किसानों तक पहुंचेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल केंद्र सरकार की ‘सहकार से समृद्धि’ की सोच को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ में आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों और सहकारिता आधारित विकास मॉडल पर भी प्रकाश डालेंगे। इस अवसर पर सहकारी जनप्रतिनिधि, अपेक्स बैंक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के पदाधिकारी, पैक्स समितियों के प्रतिनिधि और सहकारिता विभाग के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में अब 2058 बहुउद्देश्यीय पैक्स और 515 नई गठित समितियों को मिलाकर कुल 2573 पैक्स सोसायटी संचालित होंगी, जो ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता तंत्र को और मजबूत करेंगी।