

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ambedkar-jayanti-raipur-statue-unveiling-vishnu-deo-sai
रायपुर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में कलेक्ट्रेट परिसर के सामने स्थित डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर चौक में उनकी 21 फीट ऊंची पंचधातु से निर्मित भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बाबा साहेब के जीवन, विचारों और योगदान को याद करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता की मिसाल है। उनके नेतृत्व में बने भारतीय संविधान ने वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाया। उनके विचार आज भी समाज को न्याय और समानता की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति की मांग पर मंगल भवन, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न निर्माण और जीर्णोद्धार कार्यों के लिए 60 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर सामाजिक गतिविधियों और जनसुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिया है, जिससे सभी वर्गों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने विपरीत परिस्थितियों में भी उच्च शिक्षा हासिल कर यह साबित किया कि शिक्षा ही समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम है।

उन्होंने कहा कि आज देशभर में बाबा साहेब की प्रतिमाएं स्थापित हैं, जो उनके प्रति लोगों की आस्था और सम्मान का प्रतीक हैं। रायपुर सहित पूरे प्रदेश में उनकी जयंती उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिल रही है।
महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति वहां की महिलाओं की स्थिति से आंकी जाती है। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के प्रयास हो रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने नागरिकों से बाबा साहेब के विचारों को अपनाकर सामाजिक समरसता, समानता और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।