

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Weather News: Double attack of storm, rain and heat wave, devastation in Bihar and UP, heat breaks records in many states
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया है। एक तरफ बिहार और उत्तर प्रदेश में तेज आंधी, तूफान और भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया, तो दूसरी तरफ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहा। खराब मौसम और हादसों के चलते दोनों राज्यों में करीब 16 लोगों की मौत हो गई।
110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं, बिहार में मचा हड़कंप
बिहार के भागलपुर और आसपास के जिलों में सोमवार रात मौसम ने विकराल रूप ले लिया। यहां तेज बारिश के साथ 110 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे भारी तबाही मच गई। हादसों में आठ लोगों की जान चली गई।
तेज तूफान के कारण भागलपुर में 200 से ज्यादा जगहों पर पेड़ गिर गए, जबकि 300 से अधिक बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए। इसका असर यह हुआ कि कई इलाकों में 23 घंटे से ज्यादा समय तक बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली बंद होने से पानी संकट भी गहरा गया और लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
अस्पतालों तक पहुंचा तूफान का असर, मरीजों को करना पड़ा शिफ्ट
भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भी तूफान का असर देखने को मिला। एचडीयू वार्ड की खिड़कियों के शीशे टूट गए और वार्ड में पानी भर गया। हालात ऐसे बने कि मरीजों को दूसरे वार्डों में शिफ्ट करना पड़ा। मरीजों, तीमारदारों, डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
फसलों को भारी नुकसान, केला-आम और लीची की खेती प्रभावित
आंधी और बारिश का असर किसानों पर भी भारी पड़ा। भागलपुर और आसपास के इलाकों में केला, आम और लीची की फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। तेज हवाओं और बारिश ने खेतों में खड़ी फसलों को बर्बाद कर दिया।
बांदा बना देश का सबसे गर्म जिला, पारा पहुंचा 47.4 डिग्री
उत्तर प्रदेश में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। बांदा जिला 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म इलाका रहा। मौसम विभाग के अनुसार मैदानों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंचने पर हीटवेव की स्थिति मानी जाती है।बांदा के अलावा उत्तर प्रदेश के पांच अन्य जिलों में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया।
राजस्थान और उत्तराखंड भी गर्मी की मार से बेहाल
राजस्थान के श्रीगंगानगर में 47 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी और लू को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने 29 मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई है, जिससे मौसम में बदलाव आ सकता है।
छत्तीसगढ़ में भी मौसम का बदला मिजाज
छत्तीसगढ़ के दक्षिण और मध्य जिलों में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। यहां 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मधेपुरा, दरभंगा और मधुबनी में भी भारी नुकसान
बिहार के मधेपुरा, दरभंगा और मधुबनी जिलों में भी तेज आंधी का असर देखने को मिला। कई मकान, स्कूल भवन और पेड़ क्षतिग्रस्त हो गए। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है, जबकि मौसम विभाग लगातार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है।