

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Weather changes in Chhattisgarh, rain and strong winds in many districts
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात की गतिविधियां दर्ज की गईं। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, हालांकि कई इलाकों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के रायपुर केंद्र के अनुसार, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 4 और 4.7 डिग्री कम रहा। सुबह 8:30 बजे तक रायपुर में 26 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, कुटरू में 5 सेमी, लाभांडीह में 4 सेमी और रायपुर में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा भटगांव, सरिया और बिलाईगढ़ में 2-2 सेमी वर्षा हुई। वहीं बिलासपुर, मोहला, सारंगढ़, माना, लोरमी, कुनकुरी और बगीचा में 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तरी तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर भी एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
इन्हीं मौसम प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी बनी हुई है।
हालांकि विभाग का कहना है कि आज से मेघगर्जन की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी। इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 7 मई को रायपुर शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।