

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Weather changes in Chhattisgarh, storm and rain alert issued in many districts
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। गुरुवार को दिन और रातभर लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के संकेत भी दिए गए हैं।
17 मई से चल सकती है ग्रीष्म लहर
मौसम विभाग के अनुसार, 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीट वेव यानी ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को गर्मी और उमस दोनों का असर झेलना पड़ सकता है।
पिछले 24 घंटे में कई जगह हुई बारिश
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने बताया सिस्टम का असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश से दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार होते हुए उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तक फैली हुई है।
इन्हीं सिस्टमों के प्रभाव से प्रदेश में तेज हवा, बारिश और बिजली चमकने की स्थिति बन रही है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक, अंधड़ और हल्की बारिश के आसार जताए हैं। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कई जिलों में यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटों का यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है।
इन इलाकों में यलो अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, जशपुर और सूरजपुर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।