

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

YouTuber Akanksha Toppo arrested, bail plea rejected by court; accused of making objectionable remarks against elected representatives.
अंबिकापुर। अंबिकापुर की कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को बीते बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी गुलापन राम यादव की अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान अधिवक्ताओं ने जमानत का विरोध किया, जिसके बाद अदालत ने देर शाम आकांक्षा टोप्पो को जेल भेजने का आदेश दिया। पुलिस उसे कड़ी सुरक्षा के बीच जेल लेकर गई। आकांक्षा के खिलाफ सरगुजा जिले के अलग-अलग थानों में पहले से 7 अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 111 भी जोड़ी है।
कोतवाली पुलिस ने दो दिन पहले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो और होली क्रॉस कॉलेज के लेक्चरर अकील अहमद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। दोनों पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने और समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालने वाली टिप्पणियां करने के आरोप हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत मामला दर्ज किया था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो का मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में मेडिकल कराया। इसके बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया। कोर्ट परिसर में उसकी गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़े लोग पहुंच गए। हंगामे की आशंका को देखते हुए सीएसपी राहुल बंसल समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल को कोर्ट परिसर में तैनात किया गया था।
आकांक्षा टोप्पो की गिरफ्तारी का सर्व आदिवासी समाज ने भी विरोध किया है। समाज के लोगों ने कलेक्टोरेट पहुंचने की तैयारी की है। इससे पहले भी आकांक्षा के खिलाफ सीतापुर थाने में मामला दर्ज हो चुका है। उस मामले में पुलिस ने कार्रवाई के बाद उसे चेकलिस्ट पर छोड़ दिया था।
मामले में एक और विवाद सामने आया है। आकांक्षा टोप्पो की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता धीरज सिंह के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है। आकांक्षा ने धीरज सिंह पर धमकी देने और उसकी कार का पीछा करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी लगाई हैं।
धीरज सिंह के खिलाफ कार्रवाई के बाद आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज होने से मामला और तूल पकड़ गया। फिलहाल आकांक्षा को अदालत के आदेश के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मामले में दर्ज विभिन्न धाराओं और पहले से दर्ज आपराधिक मामलों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।