

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Young woman shot dead in broad daylight in Janjgir-Champa.
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के सक्ती थाना क्षेत्र स्थित जोंगरा गांव में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। दो नकाबपोश बदमाश घर में घुसे और 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गंभीर रूप से घायल युवती ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के करीब 24 घंटे बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
पूर्णिमा के बारे में पूछते हुए घर पहुंचे बदमाश
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बिना नंबर की स्पोर्ट्स बाइक पर सवार दो युवक चेहरे पर सफेद गमछा बांधकर पूर्णिमा चौहान के घर पहुंचे। एक आरोपी घर के भीतर गया, जबकि दूसरा बाइक स्टार्ट कर बाहर ही खड़ा रहा। घर के अंदर पहुंचकर आरोपी ने परिवार के लोगों से पूर्णिमा के बारे में पूछा।
आयुर्वेदिक दवा का बहाना, फिर बरसा दी गोलियां
इसी दौरान पूर्णिमा कमरे से बाहर आई और आने का कारण पूछा। आरोपियों ने पहले आयुर्वेदिक दवा खरीदने की बात कही। इसके बाद अचानक देशी पिस्तौल निकालकर उस पर लगातार तीन गोलियां चला दीं। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर आंगन में गिर पड़ी।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। परिजन तत्काल डायल 112 की मदद से पूर्णिमा को अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पंजाब की कंपनी में करती थी नौकरी
मृतका पूर्णिमा चौहान पिछले चार वर्षों से पंजाब की एक निजी कंपनी के सेल्स विभाग में कार्यरत थी। उसकी शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन वैवाहिक संबंध टूटने के बाद वह पिछले दो से तीन वर्षों से अपने मायके जोंगरा गांव में रह रही थी और नौकरी कर रही थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, स्थानीय पुलिस अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस गांव और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। कुछ संदिग्धों के संबंध में अहम सुराग मिलने के बाद अलग-अलग टीमों को संभावित ठिकानों पर रवाना किया गया है।
हत्या की वजह अब भी रहस्य
पुलिस मृतका के परिजनों, परिचितों और सहकर्मियों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।