

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

aapatkaal smriti diwas raipur cm vishnu deo sai raman singh indresh kumar
रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडीयू ऑडिटोरियम में रविवार को 'आपातकाल स्मृति दिवस' (संविधान हत्या दिवस) के अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने उपस्थित जनसमूह को एक अनूठा खेल खिलाते हुए सभी से 'शेर की दहाड़' निकलवाई। उन्होंने राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए कहा, "यह दहाड़ लाहौर और ढाका तक पहुंचनी चाहिए। हम लायक भारतीय हैं और हमारा खोया हुआ जन व जमीन वापस आना चाहिए।" उन्होंने आगे जोड़ते हुए कहा कि लोकतंत्र केवल शासन प्रणाली नहीं, बल्कि एक जीवन मूल्य है जिसे समझने और निभाने की जिम्मेदारी हर नागरिक की है। आपातकाल परीक्षा का वह दौर था जब अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर गंभीर प्रभाव पड़ा था।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष पर आधारित स्मारिका 'आपातकाल के योद्धा' का विमोचन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम साय ने कहा “भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में आपातकाल वह कालखंड है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल गुजरे वक्त को याद करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को सचेत करना है ताकि वे समझ सकें कि यह स्वतंत्रता कितनी बड़ी कुर्बानियों के बाद मिली है।”
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी 1975 के आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के लिए एक बेहद गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सदैव सजग और समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, और लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश सोनी व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने सहित कई वरिष्ठ जन और लोकतंत्र सेनानी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आपातकाल पर आधारित राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
स्कूली स्तर पर दानी गर्ल्स स्कूल रायपुर की जागृति जांगड़े ने प्रथम, विवेकानंद विद्यापीठ कोरबा के सूरज तांडिया ने द्वितीय और अग्रसेन इंटरनेशनल स्कूल दुर्ग के अंश देशमुख ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालयीन स्तर पर रायपुर की कल्याणी पटले ने प्रथम, रायगढ़ की सीमा साव ने द्वितीय और दुर्ग की खुशबू ने तृतीय स्थान हासिल किया।