

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

agra mahakumbh 2026 ambikapur chhattisgarh industrial investment news
अंबिकापुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ-2026’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने औद्योगिक नीति 2024-30 का जिक्र करते हुए बड़ा ऐलान किया कि राज्य में अब तक 8.23 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिनके धरातल पर उतरने से बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान ट्रेड फेयर का फीता काटकर शुभारंभ किया और ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन भी किया।
स्टार्टअप और निपुण मिशन के लिए 500 करोड़ का प्रावधान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं की उद्यमशीलता को नई दिशा देने के लिए हाल ही में ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन’ को मंजूरी दी गई है, जिस पर आगामी पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र स्थापित किए जाएंगे। साथ ही, युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ने के लिए 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब और 5 इंडस्ट्री सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति में एमएसएमई (MSME) और महिलाओं सहित विभिन्न वर्गों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने से होटल, होम-स्टे, पर्यटन सेवाओं और स्थानीय उत्पादों के क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं तेजी से बढ़ी हैं।
अग्रवाल समाज की परोपकार और उद्यमिता की सराहना
मुख्यमंत्री ने अग्रवाल समाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में इस समाज की ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण भूमिका रही है। व्यापार और व्यवसाय से आगे बढ़कर समाज के उद्यमियों ने उद्योगों की स्थापना, रोजगार सृजन और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों—समानता, करुणा और सहयोग को समाज ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी अपने आचरण में उतारा है। कोरोना संकट के दौर में भी समाज ने आगे आकर जरूरतमंदों की मदद की थी।
समृद्धि का अर्थ समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ाना: मंत्री राजेश अग्रवाल
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि समृद्धि का वास्तविक अर्थ समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि अग्र महाकुंभ हमारी सामूहिक चेतना, संगठन शक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और भविष्य की दिशा पर विचार करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। महाराजा अग्रसेन की कल्पना के अनुरूप समाज की प्रगति तभी सार्थक होगी जब विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
इस अवसर पर सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, बसना विधायक संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमर अग्रवाल, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल सहित देशभर से अग्रवाल समाज के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।