

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

air-india-resumes-flights-jeddah-muscat-west-asia-crisis
नई दिल्ली: पश्चिम एशिया के कई देशों में हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण प्रभावित हुई उड़ानों के बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यात्रियों को राहत देते हुए सऊदी अरब के जेद्दा और ओमान के मस्कट के लिए अपनी सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं। एयरलाइन ने बताया कि इन दोनों देशों के हवाई क्षेत्र फिलहाल सुरक्षित माने गए हैं, जिसके बाद 5 और 6 मार्च 2026 से निर्धारित उड़ानें संचालित की जा रही हैं।
एयर इंडिया के मुताबिक, मस्कट के लिए मुंबई, दिल्ली, कोच्चि, कोझिकोड, मंगलुरु, तिरुचिरापल्ली और तिरुवनंतपुरम से नियमित उड़ानें चलाई जा रही हैं। वहीं जेद्दा के लिए दिल्ली और मुंबई से उड़ानें फिर शुरू कर दी गई हैं।
फंसे यात्रियों को लाने के लिए विशेष उड़ानें
पश्चिम एशिया में कई जगहों पर हवाई क्षेत्र अब भी बंद होने के कारण बड़ी संख्या में भारतीय यात्री फंस गए हैं। ऐसे यात्रियों को भारत लाने के लिए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दुबई, मस्कट और रास-अल-खैमाह से अतिरिक्त विशेष उड़ानें चलाने का फैसला किया है। ये उड़ानें 5 और 6 मार्च को संचालित की जा रही हैं।
इन विशेष उड़ानों में प्राथमिकता उन यात्रियों को दी जाएगी जिनकी पहले से एयर इंडिया या एयर इंडिया एक्सप्रेस में बुकिंग थी और जिनकी उड़ानें रद्द हो गई थीं। एयरलाइन ने बताया कि सभी उड़ानें संबंधित देशों की नियामक एजेंसियों से अनुमति मिलने के बाद ही संचालित की जा रही हैं और सुरक्षा, संचालन और अन्य परिस्थितियों का पूरा आकलन किया गया है।
10 मार्च तक कई रूट पर उड़ानें बंद
एयर इंडिया समूह ने स्पष्ट किया है कि पश्चिम एशिया के कई अन्य देशों के ऊपर हवाई क्षेत्र अभी भी बंद हैं। इसी वजह से इस क्षेत्र के कई शहरों के लिए उड़ानें फिलहाल 10 मार्च 2026 तक स्थगित रहेंगी।
इनमें यूएई, कतर, कुवैत, बहरीन और सऊदी अरब के कुछ शहरों के लिए उड़ानें भी शामिल हैं। स्थिति सामान्य होने के बाद ही इन सेवाओं को फिर से शुरू किया जाएगा।
एयर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों को राहत देते हुए कहा है कि जिन यात्रियों के टिकट 4 मार्च 2026 तक जारी हुए थे और जिनकी यात्रा 28 फरवरी से 8 मार्च के बीच निर्धारित थी, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख एक महीने के भीतर बदल सकते हैं।
यात्री एयर इंडिया की वेबसाइट या 24×7 कस्टमर सपोर्ट नंबर के जरिए रीबुकिंग या कैंसिलेशन का अनुरोध कर सकते हैं। इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस ने व्हाट्सएप पर उपलब्ध अपने एआई-आधारित डिजिटल असिस्टेंट ‘TIA’ के जरिए भी रीबुकिंग की सुविधा दी है।
यूरोप और अमेरिका की उड़ानें जारी
एयर इंडिया ने बताया कि यूरोप और उत्तरी अमेरिका के लिए उड़ानें 2 मार्च से नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। हालांकि इन उड़ानों को सुरक्षित हवाई क्षेत्र से होकर वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है, जिससे उड़ान का समय थोड़ा बढ़ गया है। कुछ लंबी दूरी की उड़ानों को रोम या वियना में तकनीकी स्टॉप के बाद आगे भेजा जा रहा है।