

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा में नकली नोट चलाने की कोशिश करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शराब दुकान में 500 रुपये का फर्जी नोट देकर शराब खरीदने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसकी हरकत पर संदेह होने के बाद दुकान कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया और तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 रुपये के चार नकली नोट बरामद किए। सभी नोटों का सीरियल नंबर एक ही पाया गया, जिससे उनके फर्जी होने की पुष्टि हुई।
थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि 20 जुलाई को अकलतरा स्थित देशी मदिरा दुकान से सूचना मिली थी कि एक युवक संदिग्ध 500 रुपये का नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को पकड़कर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे (30 वर्ष) निवासी दोमुहानी, थाना बिलाईगढ़ बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने अकलतरा आया था। तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 रुपये के चार संदिग्ध नोट बरामद किए गए।
बैंक जांच में सभी नोट निकले नकली
बरामद नोटों को सत्यापन के लिए स्टेट बैंक, अकलतरा भेजा गया। बैंक अधिकारियों द्वारा जांच में चारों नोट पूरी तरह नकली पाए गए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सभी नोटों का सीरियल नंबर एक ही था, जो उनके फर्जी होने का स्पष्ट प्रमाण है।
रायपुर से लाया था नकली नोट
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ये नकली नोट रायपुर से लेकर आया था और उन्हें अकलतरा की शराब दुकान में चलाने की कोशिश कर रहा था। हालांकि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को ये नकली नोट किसने दिए और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 180 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब इस मामले की गहन जांच कर रही है और नकली नोटों की सप्लाई चेन तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।