

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ambikapur ayushman bharat scam private hospitals fake claims chhattisgarh
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि कुछ निजी अस्पतालों ने आम लोगों के आयुष्मान कार्ड का कथित तौर पर दुरुपयोग कर फर्जी मरीज दिखाए और लाखों रुपये के इलाज का क्लेम शासन से प्राप्त किया।
जांच के दौरान सबसे बड़ा मामला केडी (KD) अस्पताल से जुड़ा सामने आया। जांच टीम को अस्पताल में वास्तविक रूप से केवल 20 मरीज भर्ती मिले, जबकि रिकॉर्ड में 29 मरीज भर्ती दर्शाए गए थे। आरोप है कि अतिरिक्त मरीजों के नाम पर आयुष्मान योजना के तहत इलाज का क्लेम कर सरकारी राशि प्राप्त की जा रही थी।
जांच में यह भी सामने आया कि कई मामलों में बिना वास्तविक इलाज किए ही मरीजों के नाम पर क्लेम किया गया। इससे सरकारी योजना का दुरुपयोग होने के साथ ही शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
इसी तरह महामाया अस्पताल का नाम भी आयुष्मान योजना में अनियमितताओं के मामले में सामने आया है। प्रारंभिक जांच में यहां भी आयुष्मान कार्ड के माध्यम से संदिग्ध क्लेम किए जाने की बात सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक, अंबिकापुर के कुल पांच निजी अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के संचालन के दौरान गड़बड़ियां पाई गई हैं। हालांकि शुरुआती जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बावजूद अब तक किसी भी अस्पताल के खिलाफ कोई बड़ी या ठोस कार्रवाई नहीं होने से सवाल उठने लगे हैं।
अब लोगों की नजर स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों की अगली कार्रवाई पर टिकी है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला होगा, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के लिए बनी योजना की विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़े करेगा।