

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ambikapur mayor manjusha bhagat viral audio meena bazaar controversy fir demand
अंबिकापुर। शहर के कलाकेंद्र मैदान में मीना बाजार लगाने की अनुमति को लेकर अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत और मेला संचालक के बीच कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। वायरल ऑडियो में मेला संचालक की ओर से रिश्वत देने के बावजूद अनुमति नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है।
मामले को लेकर सोमवार को महापौर मंजूषा भगत भावुक होकर अजाक थाने पहुंचीं और निष्पक्ष जांच के साथ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह उनके खिलाफ सोची-समझी राजनीतिक साजिश है और उनके राजनीतिक जीवन में पहली बार इस तरह का "घटिया षड्यंत्र" रचा गया है।
महापौर ने दावा किया कि 21 जून की शाम उन्हें इस कथित ऑडियो की जानकारी मिली थी। उन्होंने ऑडियो में अपनी आवाज होने से साफ इनकार करते हुए कहा कि झूठे आरोपों के कारण उनका पूरा परिवार मानसिक रूप से प्रताड़ित है। उन्होंने कहा कि उनके पति और पिता दोनों गंभीर रूप से बीमार हैं और यदि उनके परिवार या उन्हें कोई नुकसान होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी आरोप लगाने वाले संबंधित व्यक्तियों की होगी।
वहीं, मेला संचालक अनुराग मिश्रा ने आरोप लगाया है कि उन्होंने तीन बार नियमानुसार आवेदन किया, लेकिन हर बार किसी न किसी कारण से मैदान किसी अन्य व्यक्ति को आवंटित कर दिया गया। उनका दावा है कि नगर निगम को मैदान किराए के रूप में लाखों रुपये देने के अलावा नेताओं को भी मोटी रकम बतौर रिश्वत देनी पड़ रही है।
इधर, कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल वायरल ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।