

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ambikapur sa trading company fraud female lecturer scam news
अंबिकापुर: सरगुजा जिले में एसए ट्रेडिंग कंपनी (SA Trading Company) में निवेश कर मोटा रिटर्न कमाने का झांसा देकर एक महिला लेक्चरर से 55 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है。 ठगों ने न सिर्फ महिला से निवेश कराया, बल्कि उनके नाम पर अलग-अलग बैंकों से लाखों रुपये का बैंक लोन निकलवाकर पूरी रकम डकार गए。 इस मामले में कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर जिला स्काउट-गाइड अधिकारी और एक साथी लेक्चरर सहित कुल 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
गर्ल्स स्कूल अंबिकापुर में पदस्थ लेक्चरर निर्मला मिंज ने थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि साल 2023 में उनके ही स्कूल की एक अन्य लेक्चरर संगीता राय तिर्की ने उन्हें एसए ट्रेडिंग कंपनी में निवेश करने की सलाह दी थी। संगीता ने बताया कि इसमें पैसा लगाने पर बहुत अच्छा रिटर्न मिलता है।
इसके बाद संगीता ने निर्मला की मुलाकात जिला स्काउट-गाइड अधिकारी योगेश विश्वकर्मा से कराई। योगेश ने निवेश के बड़े-बड़े फायदे गिनाकर उन्हें पूरी तरह अपने झांसे में ले लिया।
40 हजार महीने और लोन की किस्तें भरने का लालच
आरोपी योगेश विश्वकर्मा ने शातिर तरीका अपनाते हुए निर्मला से कहा कि विभागीय पे-स्लिप (वेतन पर्ची) के आधार पर बैंकों से आसानी से लोन मिल जाएगा। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि बैंक लोन की हर महीने की किस्त ट्रेडिंग कंपनी खुद जमा करेगी। इसके अलावा, निवेशक निर्मला को हर महीने लाभांश (प्रॉफिट) के रूप में करीब 40 हजार रुपये अलग से दिए जाएंगे। इस सुनहरे जाल में फंसकर निर्मला ने कई अलग-अलग बैंकों से कुल 46 लाख 12 हजार रुपये का लोन लेकर कंपनी में निवेश कर दिया।
डेढ़ साल बाद खुला राज, जब घर पहुंचा बैंकों का नोटिस
शुरुआत में निवेश के बाद निर्मला मिंज यह सोचकर पूरी तरह बेफिक्र थीं कि उनकी बैंक किस्तें कंपनी द्वारा भरी जा रही हैं। लेकिन करीब डेढ़ साल बीतने के बाद जब अचानक बैंकों से किस्त जमा न होने के नोटिस उनके घर पहुंचने लगे, तब उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई।
सिटी कोतवाली प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता से विवेचना (जांच) की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।