

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ambikapur-sanjay-park-deer-killed-stray-dogs
अंबिकापुर जिले के संजय पार्क में आवारा कुत्तों के हमले से 15 हिरणों की मौत हो गई, जिससे वन विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है। यह घटना शुक्रवार (20 मार्च) रात की बताई जा रही है, जब जंगल की ओर से आए कुत्ते पार्क परिसर में घुस गए और हिरणों पर हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय पार्क में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। आवारा कुत्तों ने हिरणों को दौड़ा-दौड़ाकर हमला किया और कई को बुरी तरह घायल कर दिया। 14 हिरणों की मौत अगले दिन हो गई, जबकि एक घायल हिरण ने रविवार को दम तोड़ दिया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पार्क की बाउंड्री का तार एक जगह से टूटा हुआ था। कुत्ते उसी रास्ते से अंदर घुसे। हमले में सांभर और उनके बाड़ों को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद प्रशासन ने संजय पार्क को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया है। मृत हिरणों का पोस्टमॉर्टम कर अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
मामले में गंभीर लापरवाही सामने आने पर 4 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है, जिनमें एक डिप्टी रेंजर और तीन वनपाल शामिल हैं। इसके अलावा रेंजर को नोटिस जारी कर 5 दिन में जवाब मांगा गया है।
वन विभाग ने मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी है और 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी गई है। अधिकारियों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और पूरे परिसर को सैनेटाइज करने की तैयारी की जा रही है।
संजय पार्क में पहले 75 से अधिक हिरण थे, जिनमें से कई को अन्य अभयारण्यों में भेजा गया था। वर्तमान में 31 हिरण बचे थे, लेकिन इस घटना के बाद अब केवल 16 हिरण ही शेष रह गए हैं।