

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ambikapur-traffic-cop-youth-clash-viral-video
अंबिकापुर। शहर के व्यस्त महामाया चौक पर ड्यूटी के दौरान एक नगर सैनिक और युवक के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद इंटरनेट मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
जानकारी के अनुसार यातायात थाने में पदस्थ नगर सैनिक सोमवार शाम महामाया चौक पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार तीन युवक महामाया रोड से देवीगंज रोड की ओर जा रहे थे। यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में नगर सैनिक ने उन्हें रोककर स्कूटी की चाबी निकाल ली। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बहस के दौरान नगर सैनिक ने एक युवक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद युवक ने भी पलटवार करते हुए नगर सैनिक को थप्पड़ जड़ दिए। दूसरी बार हाथ उठाने पर नगर सैनिक ने युवक को पकड़ लिया। इस दौरान धक्का-मुक्की में नगर सैनिक की टोपी और वॉकी-टॉकी सड़क पर गिर गई। बढ़ते विवाद के बीच दोनों ने एक-दूसरे का कॉलर भी पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि नगर सैनिक ने वॉकी-टॉकी के माध्यम से यातायात थाने को सूचना दी, जबकि युवक मोबाइल फोन से किसी को कॉल करता नजर आया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
घटना के बाद नगर सैनिक ने संबंधित युवकों के खिलाफ कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है।