

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

american-tourist-assault-kodagu-homestay-owner-arrested
नई दिल्ली। कर्नाटक के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कोडागु जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के कुट्टा गांव के एक होमस्टे में ठहरी अमेरिकी महिला के साथ यौन उत्पीड़न का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होमस्टे के मालिक और एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना करीब एक सप्ताह पहले की है। पीड़ित अमेरिकी महिला कुट्टा गांव के एक होमस्टे में रुकी हुई थी। महिला का आरोप है कि होमस्टे के कर्मचारी, जो मूल रूप से झारखंड का रहने वाला है, उसने महिला की ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया। बेहोशी की हालत में आरोपी ने महिला के साथ यौन उत्पीड़न किया।
हैरान करने वाली बात यह है कि जब महिला ने इस घृणित कार्य की शिकायत होमस्टे मालिक से की, तो उसने न्याय दिलाने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश की। महिला का आरोप है कि मालिक ने उसे किसी से संपर्क करने से रोकने के लिए होमस्टे का वाईफाई (Wi-Fi) तीन दिनों तक बंद कर दिया, ताकि वह इंटरनेट के जरिए किसी को जानकारी न दे सके।
लगातार तीन दिनों तक 'डिजिटल बंधक' बने रहने के बाद, महिला ने सूझबूझ से काम लिया। उसने किसी तरह मोबाइल नेटवर्क मिलने पर बाहर निकलने की योजना बनाई और मैसूरु जाने का बहाना बनाकर होमस्टे से बाहर निकली। मैसूरु पहुँचते ही उसने अमेरिकी दूतावास (US Embassy) के अधिकारियों से संपर्क किया और आपबीती सुनाई।
अमेरिकी दूतावास ने तुरंत इस मामले की जानकारी स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल रेड मारी और आरोपी कर्मचारी व होमस्टे मालिक दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।