

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kailash-hills-delhi-murder-income-tax-officer-daughter-rahul-meena-arrested
नई दिल्ली: देश की राजधानी के पॉश इलाके कैलाश हिल्स में बुधवार सुबह एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ आयकर विभाग (Income Tax) के एक वरिष्ठ अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की उसके घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में उनके पूर्व घरेलू सहायक, 19 वर्षीय राहुल मीणा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपी राहुल मीणा घर की दिनचर्या और नक्शे से पूरी तरह वाकिफ था। बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे आरोपी घर में दाखिल हुआ। उसे पता था कि पीड़िता के माता-पिता सुबह जिम जाते हैं और घर की एक चाबी नौकरों के लिए बाहर रखी जाती है। आरोपी ने युवती के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और फिर मोबाइल चार्जिंग केबल से गला घोंटकर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद आरोपी घर में रखे जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया। वह करीब 7:15 बजे घर से बाहर निकलता हुआ सीसीटीवी में कैद हुआ है।
गिरफ्तारी के बाद जब अलवर पुलिस ने राहुल का रिकॉर्ड खंगाला, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। दिल्ली की घटना से महज कुछ दिन पहले, 21 अप्रैल की रात उसने राजस्थान के राजगढ़ में भी एक महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया था।
पीड़िता ने बताया कि राहुल उसके पति को बाइक पर बैठाकर एक शादी में ले गया था। पति के वहां रुकने का फायदा उठाकर वह वापस आया और घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म किया।
क्यों की हत्या?
आरोपी राहुल मीणा राजस्थान के अलवर का रहने वाला है। वह पहले इसी घर में काम करता था, लेकिन करीब 6 हफ्ते पहले पैसों के लेन-देन में गड़बड़ी और हेराफेरी के कारण उसे काम से निकाल दिया गया था। माना जा रहा है कि इसी रंजिश और लूट के इरादे से उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि लूट के सामान की बरामदगी और मामले की कड़ियों को पूरी तरह जोड़ा जा सके। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू सहायकों के पुलिस वेरिफिकेशन और सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।