

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bjp-leader-kailash-netam-accused-of-rape-kanker-bhanupratappur
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में राजनीतिक गलियारे से एक बड़ी खबर सामने आई है। भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष और सरपंच पति कैलाश नेताम पर एक 49 वर्षीय विवाहित महिला ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, आरोपी कैलाश नेताम से उसकी पहचान करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। जान-पहचान के चलते पीड़िता ने आरोपी को जरूरत पड़ने पर दो किश्तों में कुल 1.50 लाख रुपये उधार दिए थे।
महिला का आरोप है कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए, तो आरोपी की नीयत बदल गई। कैलाश नेताम ने पैसे लौटाने के बजाय महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालना शुरू कर दिया और उसे ब्लैकमेल करने लगा।
शिकायत के मुताबिक, घटना 19 मार्च की दोपहर करीब 3:30 बजे की है। आरोपी पीड़िता के घर पहुंचा और उसे जबरन घर के पीछे ले गया, जहाँ उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया। लोक-लाज और डर के कारण पीड़िता ने कुछ समय बाद हिम्मत जुटाई और थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।
भानुप्रतापपुर और कांकेर क्षेत्र में भाजपा नेताओं की संलिप्तता वाले मामलों ने जिले की सियासत गरमा दी है। पिछले एक महीने के भीतर यह तीसरा मामला है जब भाजपा के किसी पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगे हैं।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। थाना प्रभारी ने मीडिया को जानकारी दी कि पीड़िता के बयान के आधार पर एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। आरोपी कैलाश नेताम फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें भेजी गई हैं। मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच की जा रही है।