

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

anil-tuteja-arrested-dmf-fund-misuse-case
रायपुर। जिला खनिज निधि (DMF) से जुड़े चर्चित प्रकरण में जांच एजेंसी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल टुटेजा को विधि अनुसार गिरफ्तार कर लिया है। एजेंसी द्वारा पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 02/2024 (DMF प्रकरण) में विस्तृत विवेचना के बाद यह कार्रवाई की गई।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान प्राप्त महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य, दस्तावेजों तथा विभिन्न व्यक्तियों के कथन और बयानों से आरोपी की भूमिका प्रथम दृष्टया स्पष्ट हुई है।
जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपी ने DMF निधि से संबंधित विभिन्न कार्यों में अपने परिचित व्यक्तियों एवं फर्मों को कमीशन या प्रतिफल लेकर कार्य दिलवाने और आवंटन कराने में सक्रिय भूमिका निभाई। आरोप है कि कार्य आवंटन प्रक्रिया में नियमों के विपरीत हस्तक्षेप किया गया और निजी लाभ के उद्देश्य से निर्णयों को प्रभावित किया गया।
विवेचना के दौरान जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिजिटल रिकॉर्ड्स से कथित लेन-देन और संपर्कों के पैटर्न उजागर होने की बात कही जा रही है। सूत्रों के अनुसार, डिजिटल साक्ष्य इस मामले में अहम साबित हुए हैं।
जांच में यह संकेत भी मिले हैं कि आरोपी ने अपने रिश्तेदारों और निकट संबंधियों के माध्यम से विभिन्न फर्मों को DMF मद के कार्य कमीशन लेकर दिलवाने अथवा आवंटित कराने की गतिविधियाँ संचालित कीं।
एजेंसी का कहना है कि दस्तावेजी साक्ष्य और दर्ज बयानों के विश्लेषण के बाद शासकीय धन के दुरुपयोग, आपराधिक षड्यंत्र और भ्रष्ट आचरण से जुड़े संज्ञेय अपराध प्रथम दृष्टया स्थापित पाए गए हैं। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और आगे की जांच में अतिरिक्त तथ्य सामने आ सकते हैं।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से 26 फरवरी 2026 तक की पुलिस रिमांड मंजूर की गई। रिमांड अवधि के दौरान डिजिटल साक्ष्यों का गहन परीक्षण, वित्तीय लेन-देन की जांच और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जाएगी।
जिला खनिज निधि (DMF) का उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। ऐसे में निधि के कथित दुरुपयोग के आरोपों ने प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।
जांच एजेंसी का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।