

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

arun sao janjgir champa sakti development works review meeting chhattisgarh
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज जांजगीर जिला मुख्यालय में अपने चार विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में अरुण साव ने विभागीय योजनाओं, विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए।
नगरीय निकायों के कार्यों में तेजी के निर्देश
नगरीय निकायों में विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अरुण साव ने कहा कि जिन कार्यों की स्वीकृति और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, उन्हें तत्काल शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। कार्य शुरू करने में देरी और धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
उन्होंने जांजगीर और सक्ती में निर्माणाधीन नालंदा परिसरों के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
अरुण साव ने 15वें वित्त आयोग और स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने के साथ जल आवर्धन योजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत स्रोत पर कचरा पृथक्करण एवं संग्रहण को प्रभावी बनाने, एनर्जी बिल ऑडिट कराने और रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
पीएम स्वनिधि और पीएम आवास योजना की समीक्षा
नगरीय क्षेत्रों में पीएम स्वनिधि और पीएम आवास योजना सहित शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हितग्राही मूलक योजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान अरुण साव ने टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुके कार्यों को जल्द शुरू कराने और प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने को कहा।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और सड़कों पर बने गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों की बेहतर स्थिति से नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।
जल जीवन मिशन की योजनाओं के रखरखाव पर जोर
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में अरुण साव ने जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण और हैंडओवर हो चुकी योजनाओं के सुचारू संचालन एवं नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।
पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए पंचायत और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। पेयजल आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के निर्देश
खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान अरुण साव ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को व्यापक रूप से बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल गतिविधियों के आयोजन से बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने तथा खिलाड़ियों को आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को संवेदनशीलता से काम करने की नसीहत
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और सहयोग की भावना से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बेहतर समन्वय जरूरी है।
उन्होंने कार्यालय आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता और सम्मानपूर्वक व्यवहार करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याओं और कार्यों के निराकरण की उम्मीद लेकर कार्यालय आते हैं। ऐसे में उनके प्रति सकारात्मक और सहयोगात्मक रवैया रखा जाए, ताकि उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।
बैठक में जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे, सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।