

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

avi manikpuri selected in india under 18 hockey team for asia cup 2026
रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवा हॉकी खिलाड़ी अवि मानिकपुरी ने प्रदेश का नाम रोशन करते हुए अंडर-18 भारतीय हॉकी टीम में जगह बनाई है। अवि 29 मई से 6 जून 2026 तक जापान के काकामिगहारा में आयोजित होने वाले अंडर-18 एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। अवि मूल रूप से बिलासपुर के निवासी हैं।
वर्तमान में अवि भोपाल स्थित एनसीओई (नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनका चयन 15 से 20 मई तक भोपाल में आयोजित इंडिया-ऑस्ट्रेलिया सीरीज में शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया। सीरीज में बेहतरीन खेल दिखाकर उन्होंने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने बताया कि इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन ने पहली बार अंडर-18 एशिया कप की शुरुआत की है। इससे पहले केवल जूनियर और सीनियर वर्ग के लिए ही एशिया कप आयोजित किया जाता था। नए प्रारूप से युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि अवि पिछले चार वर्षों से छत्तीसगढ़ हॉकी टीम की ओर से सब-जूनियर और जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते रहे हैं। वर्तमान में वे ओलंपियन समीर दाद के मार्गदर्शन में भोपाल एनसीओई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि अवि ने बिलासपुर के पुलिस हॉकी ग्राउंड से खेल की शुरुआत की थी। बाद में उनका चयन खेलो इंडिया सेंटर, बहतराई बिलासपुर के लिए हुआ। उन्होंने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा साबित की है।
अवि मानिकपुरी के चयन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समेत खेल जगत से जुड़े कई लोगों ने शुभकामनाएं दी हैं और एशिया कप में बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।