

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

babu khemani online betting racket raipur
रायपुर: सोशल मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल, विदेशी यात्राएं और महंगी कारों के जरिए खुद को सफल इंफ्लूएंसर के रूप में पेश करने वाला बाबू खेमानी अब ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड बनकर सामने आया है। रायपुर पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि बाबू खेमानी, जिसका असली नाम गुलशन खेमानी है, का नेटवर्क केवल रायपुर तक सीमित नहीं था, बल्कि मुंबई, गोवा समेत देश के कई हिस्सों तक फैला हुआ था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि खेमानी ने खुद को “सट्टा किंग” की छवि देकर एक मल्टी-लेयर नेटवर्क तैयार किया था, जिसके जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा था।
प्लेटफॉर्म बदले, लेकिन धंधा नहीं रुका
जांच में पता चला कि खेमानी ने शुरुआत में ‘मेटो’, ‘कलर 777’ और ‘क्लासिक एक्स 99’ जैसे बैटिंग एप्स के जरिए सट्टा कारोबार शुरू किया था। इन प्लेटफॉर्म्स पर यूजर्स की आईडी बनाकर लाइव मैचों के दौरान दांव लगवाए जाते थे।
साल 2023 में पुलिस की सख्ती के बाद इन प्लेटफॉर्म्स को बंद कर दिया गया, लेकिन कुछ समय बाद नए नामों और नए सिस्टम के साथ सट्टा नेटवर्क फिर से सक्रिय कर दिया गया।
तीन लेयर में चलता था पूरा नेटवर्क
पहला लेयर: इंफ्लूएंसर इमेज से भरोसा
बाबू खेमानी पहले से सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था और उसके हजारों फॉलोअर्स थे।
उसने अपनी इसी लोकप्रियता को सट्टे के कारोबार में बदल दिया। इंस्टाग्राम समेत अन्य प्लेटफॉर्म्स पर हाई-प्रोफाइल छवि बनाकर वह लोगों का भरोसा जीतता था और फिर संपन्न लोगों को निशाना बनाकर सट्टे में शामिल करता था।
दूसरा लेयर: शहर से बाहर शिफ्ट ऑपरेशन
पुलिस दबाव बढ़ने के बाद खेमानी ने अपना संचालन रायपुर से बाहर शिफ्ट कर दिया। जांच में सामने आया कि नेटवर्क को दूसरे राज्यों से संचालित किया जा रहा था ताकि स्थानीय एजेंसियों की नजर से बचा जा सके।
तीसरा लेयर: ब्लैकमेल और उगाही
पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि खेमानी ने अपने ही एक करीबी रिश्तेदार को ऑनलाइन सट्टे में भारी मुनाफे का झांसा दिया।
जब रिश्तेदार को नुकसान हुआ और रकम वापस मांगी गई, तो खेमानी ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने दबाव बनाकर 7 करोड़ रुपए से ज्यादा की वसूली की।
पुलिस खंगाल रही नेटवर्क की कड़ियां
रायपुर पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में कई शहरों के एजेंट और तकनीकी सहयोगी भी शामिल हो सकते हैं। आने वाले दिनों में मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।