

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

balod-bus-accident-nh930-kusumkasa-30-feet-ditch-passengers-safe
बालोद में बड़ा हादसा टला: अनियंत्रित बस 30 फीट गहरी खाई में गिरी, सभी यात्री सुरक्षित
बालोद। जिले में गुरुवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। नेशनल हाईवे 930 पर बालोद-दल्लीराजहरा मार्ग में कुसुमकसा अंडरब्रिज के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 13 यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पायल कंपनी की यह बस दुर्ग से दल्लीराजहरा की ओर जा रही थी। कुसुमकसा और जमही टोल प्लाजा के बीच अचानक बस का स्टेयरिंग फेल होने की आशंका जताई जा रही है। चालक ने बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन ढलान होने के कारण वाहन सड़क किनारे रेलवे ट्रैक के पास खाई में जा गिरा।
गनीमत यह रही कि बस रेलवे पटरी से कुछ दूरी पर ही रुक गई, जिससे संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।