

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

balod-iti-student-fingers-cut-during-construction-work-negligence
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडीलोहारा स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में गुरुवार को गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया। तकनीकी शिक्षा देने वाले संस्थान में छात्रों से प्रशिक्षण की जगह निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान एक छात्र का हाथ मशीननुमा उपकरण में फंस गया, जिससे उसकी दोनों हाथों की पांच अंगुलियां कट गईं।
जानकारी के अनुसार, आईटीआई परिसर में बाथरूम निर्माण, प्लास्टर और ईंट जोड़ने जैसे कार्य छात्रों से करवाए जा रहे थे, जबकि ये कार्य उनके पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं हैं। हादसे के समय फिटर ट्रेड का छात्र टोकेश्वर कुमार ईंट ढुलाई का काम कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से उसका हाथ ईंट ढोने वाले उपकरण में फंस गया और उसकी पांच अंगुलियां कट गईं।
घटना के बाद साथी छात्रों ने तुरंत उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इस घटना के बाद संस्थान प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रों ने आरोप लगाया है कि प्राचार्य राजेश कुर्रे के नेतृत्व में पढ़ाई के बजाय उनसे मजदूरों की तरह काम कराया जा रहा है। उनका कहना है कि नियमित तकनीकी प्रशिक्षण की जगह उन्हें श्रम कार्यों में लगाया जा रहा है।
वहीं, नोडल अधिकारी शैलेश थामस ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया है। दूसरी ओर, प्राचार्य ने सफाई देते हुए कहा कि निर्माण कार्य के लिए मजदूरों की तलाश की जा रही थी, इसी बीच यह हादसा हो गया।
घटना के बाद आईटीआई प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और छात्रों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की जिम्मेदारी भी चर्चा में आ गई है।