

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

baloda bazar serial killer ramsahay jaiswal poisoned liquor murder case chhattisgarh
बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में एक सनसनीखेज सीरियल किलिंग का खुलासा हुआ है। कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम खरवे में पिछले चार महीनों से हो रही रहस्यमयी मौतों के पीछे गांव का ही निवासी रामसहाय जायसवाल निकला। आरोपी ने छोटी-छोटी पुरानी रंजिश, प्रतिशोध, मानसिक कुंठा, चारित्रिक संदेह और टोना-टोटका जैसी धारणाओं के चलते अपने ही परिचित आठ लोगों की हत्या कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने परिचित ग्रामीणों के साथ बैठकर शराब पीता था और मौका देखकर शराब में जहरीला पदार्थ (सुहागा) मिलाकर उन्हें पिला देता था। जहर पीने के बाद पीड़ितों की तबीयत बिगड़ती और उनकी मौत हो जाती। हैरानी की बात यह रही कि किसी को उस पर शक न हो, इसलिए आरोपी खुद बीमार पड़े लोगों को अस्पताल पहुंचाने में मदद करता था और कई मामलों में कफन-दफन तथा अंतिम संस्कार में भी शामिल होता था।
पहले कुत्ते पर किया जहर का परीक्षण
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने लोगों को निशाना बनाने से पहले एक कुत्ते पर जहर का परीक्षण किया था। जब उसे यह तरीका सफल लगा, तब उसने एक-एक कर अपने परिचित ग्रामीणों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
चार महीनों में आठ लोगों की रहस्यमयी मौत
फरवरी से मई 2026 के बीच ग्राम खरवे में लगातार आठ लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लगातार हो रही मौतों से ग्रामीणों में भय और संदेह का माहौल बन गया। आखिरकार 6 जून 2026 को ग्रामीणों ने एसडीओपी कसडोल को आवेदन देकर गांव के ही रामसहाय जायसवाल पर संदेह जताया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। सात मृतकों के शवों को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजा गया, जबकि एक मृतक का पहले ही दाह संस्कार हो चुका था।
इन लोगों को बनाया शिकार
6 फरवरी: बद्री पटेल – गाली-गलौज और शराब को लेकर विवाद
20 फरवरी: बुठालु साहु – समाज को गाली देने और चुनावी विवाद का बदला
12 मार्च: छत्तु साहु – पत्नी पर बुरी नजर रखने के संदेह में हत्या
20 मार्च: बुधराम जायसवाल – जमीन और सामाजिक रंजिश
31 मार्च: विनोद कुमार साहु – अपमान और गाली-गलौज का बदला
28 अप्रैल: गजानंद मांझी – टोना-टोटका करने के संदेह में हत्या
29 अप्रैल: चैतुराम साहु – कर्ज और ब्याज से छुटकारा पाने के लिए हत्या
14 मई: महेतरू राम साहु – चुनावी रंजिश और ताने मारने पर हत्या
इसके अलावा आरोपी ने कार्तिक कुम्हार को भी जहर मिली शराब पिलाई थी, लेकिन समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।
पूछताछ में कबूली पूरी कहानी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने शुरुआत में खुद को निर्दोष बताते हुए जांच को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और ग्रामीणों के बयानों के आधार पर पुलिस ने शिकंजा कसा, जिसके बाद आरोपी टूट गया और उसने एक-एक हत्या की पूरी कहानी कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपी रामसहाय जायसवाल के खिलाफ आठ हत्या और एक हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह बहुचर्चित और जटिल मामला वैज्ञानिक जांच, फॉरेंसिक साक्ष्यों और धैर्यपूर्ण विवेचना के दम पर सुलझाया जा सका।