

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

baramkela apex bank rs 18 crore embezzlement case three employees dismissed eow probe
रायपुर। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की बरमकेला स्थित अपेक्स बैंक शाखा में हुए 18.13 करोड़ रुपये के बहुचर्चित गबन मामले में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन शाखा प्रबंधक सहित तीन नियमित कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। वहीं मामले में संलिप्त पाए गए पांच आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को भी नौकरी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
बैंक प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि गबन में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमानुसार राशि की वसूली भी की जाएगी। साथ ही मामले की विस्तृत जांच के लिए आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) से सैद्धांतिक सहमति प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही जांच प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, अपेक्स बैंक के प्राधिकृत अधिकारी केदार नाथ गुप्ता के निर्देश पर बरमकेला शाखा में वर्ष 2021 से नवंबर 2024 के बीच हुए वित्तीय लेन-देन की उच्चस्तरीय जांच और विशेष ऑडिट कराया गया था। जांच में कई गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं।
ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक शाखा से संबद्ध विभिन्न समितियों के खातों में अनधिकृत लेन-देन किए गए। डीएमआर खातों के माध्यम से रकम का दुरुपयोग कर करीब 18.13 करोड़ रुपये का गबन किया गया। मामले की पुष्टि होने के बाद तत्कालीन शाखा प्रबंधक डीआर वाघमारे, लेखाधिकारी मीनाक्षी मांझी और लिपिक आशीष कुमार पटेल को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। इसके अलावा पांच आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को भी हटाने की कार्रवाई की गई है।
इस मामले में कुल आठ कर्मचारियों के खिलाफ 4 मई 2025 को थाना बरमकेला में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि अब ईओडब्ल्यू की जांच से पूरे गबन नेटवर्क और जिम्मेदार लोगों की भूमिका सामने आने की उम्मीद है।
प्राधिकृत अधिकारी केदार नाथ गुप्ता ने बताया कि सहकारी बैंकों में गबन और फर्जी ऋण प्रकरणों पर रोक लगाने के लिए ई-केसीसी पोर्टल के माध्यम से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण व्यवस्था लागू की गई है। उनका कहना है कि बैंकिंग प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि बैंक प्रबंधन द्वारा की गई सख्त निगरानी और सुधारात्मक उपायों का सकारात्मक असर देखने को मिला है। अपेक्स बैंक का शुद्ध लाभ वर्ष 2025-26 में बढ़कर 40.86 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जो बैंक की वित्तीय स्थिति में सुधार का संकेत है।
गौरतलब है कि बरमकेला शाखा में सामने आया यह गबन सहकारी बैंकिंग क्षेत्र के बड़े वित्तीय घोटालों में से एक माना जा रहा है। अब सभी की नजरें ईओडब्ल्यू जांच पर टिकी हैं, जिससे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित आरोपियों का खुलासा हो सकता है।