

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bargi-dam-cruise-accident-jabalpur-narmada-boat-sinking
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बरगी डैम से गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई। नर्मदा नदी के बैकवाटर में पर्यटकों को लेकर जा रहा एक क्रूज अचानक तेज आंधी-तूफान की चपेट में आकर पलट गया और देखते ही देखते पानी में समा गया। हादसे के समय क्रूज में करीब 29 से 30 पर्यटक सवार बताए जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, क्रूज जब नर्मदा के गहरे बैकवाटर में पहुंचा तभी अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं और ऊंची लहरों के कारण क्रूज का संतुलन बिगड़ गया। चालक संभल पाता, उससे पहले ही नाव पानी में डूब गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय नाविकों, पुलिस प्रशासन और SDRF की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अब तक 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 6 शव बरामद किए गए हैं। कई अन्य लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है, जिनकी तलाश के लिए गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
घटना के बाद जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल पर जबलपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और बचाव दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि बरगी डैम में हुए इस दुखद क्रूज हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम लगातार राहत कार्य में जुटी हुई है। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, क्रूज में कुल 29 यात्रियों के टिकट जारी किए गए थे। इनमें से 15 लोगों को सुरक्षित बचाया गया, 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई, जबकि बाकी यात्रियों की तलाश युद्धस्तर पर जारी है।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लापता लोगों को जल्द से जल्द ढूंढना और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना है।