

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bargi dam cruise accident mohan yadav announcement
जबलपुर। मध्यप्रदेश के बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस हादसे के दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्य का जायजा लेते हुए बड़ा ऐलान किया कि हादसे में पर्यटकों की जान बचाने वाले प्रत्येक श्रमिक को 51-51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई है।

सीएम डॉ. यादव ने बताया कि अब तक 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। बचाव अभियान अभी भी जारी है। इस अभियान में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), सेना के गोताखोरों और जल जीवन मिशन के कर्मियों ने मिलकर अहम भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हादसे की जांच तीन प्रमुख बिंदुओं पर की जाएगी-
दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाना
उस समय की परिस्थितियों का विश्लेषण
क्रूज संचालन से जुड़े नियमों और संभावित लापरवाहियों की जांच
उन्होंने बताया कि इस जांच के आधार पर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एक मजबूत एसओपी (Standard Operating Procedure) तैयार की जाएगी।

इससे पहले मुख्यमंत्री जबलपुर पहुंचकर पीड़ित परिवारों के घर गए और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से पीड़ितों के साथ खड़ी है।
उन्होंने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा- आज जबलपुर में बरगी में हुए दुखद हादसे में प्रभावित परिवारों से मिला। इस घटना में परिजनों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। उनके इस असहनीय दुःख में राज्य सरकार साथ खड़ी है। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। कठिन समय में पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझें।

इस हादसे में 28 लोगों को बचाया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है। जो लापता हैं, उनकी तलाश की जा रही है।