

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

barmkela-beo-bribery-case-narendra-jangde-acb-arrest
रायगढ़ जिले के बरमकेला में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) नरेंद्र जांगड़े को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस मामले में उनके सहयोगी और संकुल समन्वयक संजय चौहान को भी हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व माध्यमिक शाला झीकीपाली में पदस्थ शिक्षक निरंजन बरिहा ने एसीबी से शिकायत की थी कि मार्च महीने में वे और उनके साथी शिक्षक मुकेश सोना इलाज के लिए रायगढ़ गए थे। देरी से लौटने पर बीईओ ने दोनों की अनुपस्थिति दर्ज कर कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया और मार्च माह का वेतन रोक दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि रुका हुआ वेतन जारी करने के लिए बीईओ नरेंद्र जांगड़े ने प्रति शिक्षक 5-5 हजार रुपए, यानी कुल 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। इस लेन-देन में संकुल समन्वयक संजय चौहान ने बिचौलिए की भूमिका निभाई।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने डीएसपी अजितेश सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
एसीबी की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।