

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bhilai-cyber-fraud-250-mule-accounts-11-accused-arrested
भिलाई। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच भिलाई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 250 म्यूल बैंक खातों का खुलासा किया है। इन खातों के जरिए 1.88 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी राशि के लेन-देन का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि स्टेशन रोड दुर्ग स्थित कर्नाटका बैंक के 111 खाते और दक्षिण गंगोत्री सुपेला स्थित फेडरल बैंक के 105 खाते सहित कुल 250 से अधिक बैंक खातों में संदिग्ध लेन-देन किया गया। इन खातों के माध्यम से 1 करोड़ 88 लाख 67 हजार 554 रुपये की साइबर ठगी की रकम इधर-उधर की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि इन खातों का इस्तेमाल साइबर अपराधियों द्वारा ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था। ऐसे खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है, जिनका उपयोग अपराधी अपने असली नेटवर्क को छिपाने के लिए करते हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवधर साहू (25), गोविंदा डहरिया (26), साहिल टेम्बेकर (19), धर्मेंद्र सिंह (27), एस. त्रिमोला (29), प्रदीप कुमार उइके (38), भोजराज प्रजापति (44), हेमंत कुमार साहू (28), सन्नी चौहान (25), प्रिया सिंह (29) और आरती मारकंडे (26) शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इन खातों के पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। साथ ही साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क से इनके संबंधों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या ओटीपी उपलब्ध न कराएं, क्योंकि ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर अपराधों में किया जा सकता है।