

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bhilai maruti showroom ceo ankit anand arrested woman employee slapped
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई से एक बेहद चौंकाने वाला और हाई-वोल्टेज ड्रामे का मामला सामने आया है। यहाँ चौहान ऑटोमोबाइल्स (मारुति सुजुकी शोरूम) की एक महिला कर्मचारी ने छेड़छाड़ से तंग आकर शोरूम के सीईओ (CEO) पर सरेआम स्याही फेंक दी। इतना ही नहीं, महिला का गुस्सा यहीं नहीं रुका; उसने पुलिस की मौजूदगी में ही सीईओ को जोरदार थप्पड़ जड़ दिए और लात भी मारी। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, शोरूम में काम करने वाली पीड़िता ने सीईओ अंकित आनंद के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि सीईओ उसे काफी समय से अश्लील मैसेज भेजते थे और गलत तरीके से बात कर प्रताड़ित कर रहे थे।
मामले की जांच के सिलसिले में जब भिलाई नगर पुलिस टीम आरोपी सीईओ अंकित आनंद को लेकर शोरूम पहुंची, तभी वहां मौजूद पीड़िता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। जैसे ही सीईओ ऑफिस के भीतर दाखिल हुए, महिला ने सीधे उनके चेहरे और शर्ट पर नीली स्याही फेंक दी।
स्याही फेंकने के तुरंत बाद महिला ने सीईओ को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया और लात भी चलाई। हैरान करने वाली बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर कोई भी महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी। इस वजह से पुरुष पुलिस अधिकारी बीच-बचाव करने में हिचकिचाते रहे और केवल महिला को समझाइश देकर शांत कराने की कोशिश करते नजर आए।
"महिला की शिकायत के आधार पर मारुति सुजुकी शोरूम भिलाई के सीईओ अंकित आनंद के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पर पीड़िता को अश्लील मैसेज भेजने और परेशान करने का आरोप है।" - सत्यप्रकाश तिवारी, सीएसपी (भिलाई नगर)
भिलाई नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सीईओ अंकित आनंद के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, शोरूम के भीतर हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे और मारपीट का वीडियो इंटरनेट पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।