

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bhilai mein yuvati se baatcheet karna pada bhari! milne bulakar bhai ne sathiyon sang yuvak par kiya chaku se jaanleva hamla
भिलाई। युवती से फोन पर बातचीत करने के शक में उसके भाई ने साथियों के साथ मिलकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। युवती ने भाई के कहने पर युवक को मिलने के बहाने सुपेला के गदा चौक बुलाया था। जैसे ही युवक वहां पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे तीन से चार युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में युवक के सिर, पेट, कमर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। किसी तरह जान बचाकर युवक अस्पताल पहुंचा। मामले में वैशाली नगर पुलिस ने देर रात तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान विवेक सिंह कुर्रे (30 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। विवेक के मुताबिक, कुछ दिन पहले उसकी एक युवती से जान-पहचान हुई थी। करीब चार-पांच दिन पहले दोनों के बीच फोन पर बातचीत भी हुई थी। इसके बाद युवती ने उसे सुपेला के गदा चौक मिलने के लिए बुलाया। विवेक का कहना है कि वह युवती को बहन मानता था और इसी भरोसे मिलने पहुंचा था। उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि वहां उसके साथ ऐसी वारदात होने वाली है।
बताया जा रहा है कि युवक के पहुंचते ही युवती के भाई और उसके साथियों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने उसके सिर, पेट, कमर और पीठ पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद विवेक ने हिम्मत नहीं हारी। वह किसी तरह अपनी स्कूटी स्टार्ट कर मौके से भाग निकला और सुपेला के सरकारी अस्पताल पहुंचा। युवक के मुताबिक, शरीर में गहराई तक घुसे चाकू को उसने खुद बाहर निकाला। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
तीन आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और देर रात दबिश देकर तीन लोगों को हिरासत में लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती के भाई को अपनी बहन और विवेक के बीच फोन पर हुई बातचीत की जानकारी मिल गई थी। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हमले की साजिश रची। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।